बीजापुर में बाढ़ में फंसे 7 पर्यटकों को सुरक्षित निकाला गया... - vedantsamachar.in

बीजापुर में बाढ़ में फंसे 7 पर्यटकों को सुरक्षित निकाला गया…

बीजापुर,31 जुलाई (वेदांत समाचार)। दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे तक कुछ जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज (31 जुलाई) से पूरे प्रदेश में बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने लगेगी। पिछले 24 घंटे में विदर्भ और मध्यप्रदेश में बने डीप डिप्रेशन के असर से मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश हुई। लगातार बारिश से गरियाबंद में उदंती नदी पर बन रहा करीब 9 करोड़ रुपए का निर्माणाधीन पुल ढह गया।

रायपुर में खारून नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। बस्तर में NH-130 पर पुलिया डैमेज होने से कई गांवों का संपर्क टूट गया। वहीं दंतेवाड़ा के अरनपुर-जगरगुंडा मार्ग पर लैंडस्लाइड के खतरे से आवाजाही बंद है, जबकि कांकेर में 15.5 करोड़ रुपए की नहर पहली ही बारिश में ढह गई। बीजापुर में इंद्रावती, तालपेरु नदी में बाढ़ आने से अलग-अलग गांवों में कई लोग फँस हुए थे, जिन्हें नगर सेना ने रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला। डल्ला और बांडागुड़ा में गर्भवती महिला, नवजात और 7 पर्यटकों को रेस्क्यू किया गया, वहीं लंकापल्ली में फंसे 7 पर्यटकों का सुरक्षित निकाला गया। कई गांवों में देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला।