Ganesh Chaturthi 2023: मोदक के अलावा भगवान गणेश को इन चीज़ों का भी लगा सकते हैं भोग, जो हैं उन्हें अतिप्रिय

Ganesh Chaturthi 2023: गणेश चतुर्थी का आगाज हो चुका है। दस दिनों तक चलने वाले इस उत्सव की धूम पूरे भारत में देखने को मिलती है। लोग अपने घरों में गणपति की स्थापना करते हैं और हर दिन पूरे विधि-विधान के साथ उनकी पूजा- आरती करते हैं और उन्हें मीठी चीज़ों का भोग लगाते हैं।

गणपति बप्पा को मोदक बहुत पसंद हैं, इस वजह से लोग इस अवसर पर उन्हें तरह-तरह के मोदक का भोग लगाते हैं, लेकिन इसके अलावा और भी कई चीज़ें हैं, जो बप्पा को अतिप्रिय है। अगर आप इन चीज़ों को भी भोग में भगवान को अर्पित करते हैं, तो आप पर उनकी कृपा बनी रहती है और सारी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।

मोतीचूर के लड्डू

गणपति भगवान को मोदक के अलावा मोतीचूर के लड्डू भी बहुत पसंद हैं, तो दस दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में आप बप्पा को मोतीचूर के लड्डूओं का भी भोग लगा सकते हैं।

बेसन लड्डू

विध्नहर्ता गणेश को मोतीचूर के साथ ही बेसन के लड्डुओं का भी भोग लगाया जा सकता है। बेसन के लड्डू भी बप्पा को बहुत प्रिय हैं।

खीर

भोग में आप बप्पा को घर में बनी मखाने की खीर भी चढ़ा सकते हैं। तरह-तरह के मेवे डालकर खीर के स्वाद को और ज्यादा बढ़ा सकते हैं।

कलाकंद

इस मिठाई को भी आप घर में तैयार कर सकते हैं। दूध से बनने वाली कलाकंद मिठाई भी भोग में चढ़ाई जा सकती है। दूध और घी से बनने वाली ज्यादातर मिठाइयों को आप भगवान के भोग के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं।

गुड

गुड़ को भी आप भोग के रूप में चढ़ा सकते हैं। इस प्रसाद को और ज्यादा स्वादिष्ट बनाने के लिए उसे आप घी में सेक सकते हैं, इससे स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। यह पारंपरिक भोग भगवान गणेश को बहुत पसंद आता है।

केला

देवी-देवताओं को फल का भोग लगाना सबसे उत्तम माना गया है। पूजा में उन्हें केले का भोग लगाएं। उन्हें केले भी बहुत पसंद हैं।

नारियल

मांगलिक कार्यों में नारियल चढ़ाने का खास महत्व होता है। साथ ही नारियल को गणपति का प्रतीक भी माना जाता है। भोग में चढ़ाए गए नारियल को प्रसाद के रूप में बांटें व खाएं।

पूरन पोली

पूरन पोली को भी आप प्रसाद के रूप में गणपति बप्पा को अर्पित कर सकते हैं। घर में आसानी से तैयार हो जाती है और बप्पा को पूरन पोली प्रिय भी है।