नई दिल्ली,25मई 2025। भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर नीति आयोग के सीईओ बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने शुक्रवार को एक प्रेरणादायक और उत्साहवर्धक बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है, और आने वाले ढाई से तीन वर्षों में तीसरे स्थान पर पहुंचने की पूरी संभावना है। उन्होंने कहा, “हम 4 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था हैं और यह डेटा अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) से लिया गया है। यानी यह एक विश्वसनीय वैश्विक स्रोत है।”
जापान को पीछे छोड़, अब टॉप 3 की ओर भारत
सुब्रह्मण्यम ने यह भी बताया कि भारत अब जापान को पीछे छोड़ चुका है, और केवल अमेरिका, चीन और जर्मनी ही भारत से आगे हैं। यह बात न केवल आर्थिक दृष्टिकोण से अहम है, बल्कि भारत के भविष्य की दिशा भी दर्शाती है।
तेज़ी से आगे बढ़ने का वक्त
उन्होंने कहा कि भारत एक ऐसे मोड़ पर है जहां यह बहुत तेज़ी से ग्रोथ कर सकता है, जैसा कि कभी दक्षिण कोरिया और चीन जैसे देशों ने किया था। भारत की जनसंख्या संरचना यानी “डेमोग्राफिक डिविडेंड” अगले 20-25 वर्षों तक देश को ताकत देती रहेगी। इस दौरान यदि सही नीति और समन्वय रहा, तो भारत वैश्विक महाशक्ति बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ सकता है।
PM मोदी की अपील: हर राज्य बनाए ‘विकसित भारत’ का विजन डॉक्युमेंट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ज़िक्र करते हुए उन्होंने बताया कि पीएम ने सभी राज्यों से “विकसित भारत” के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए अपने-अपने स्तर पर विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने को कहा है। यह केवल एक राजनीतिक घोषणापत्र नहीं बल्कि एक दीर्घकालिक यात्रा है जो भारत को एक मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित कर सकती है।