सुपर-30 के संस्थापक आनंद कुमार को मॉरीशस में मिला पुरस्कार

पोर्ट लुईस । सुपर 30 के संस्थापक आनंद कुमार को मॉरीशस में सम्मानित किया गया। आनंद कुमार को मॉरीशस के राष्ट्रपति पृथ्वीराजसिंह रूपन और उप प्रधानमंत्री स्टीवन ओबेगाडू ने पुरस्कार से सम्मानित किया। आनंद कुमार को वंचित वर्गों के छात्रों की शिक्षा में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए पुरस्कार प्रदान किया गया।

आनंद कुमार को सुपर-30 से वैश्विक स्तर पर पहचान मिली है। शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान सराहनीय है। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए आनंद कुमार को 2023 में पद्मश्री की उपाधि से सम्मानित किया गया था। उन्हें मौलाना अबुल कलाम आजाद शिक्षा पुरस्कार भी मिल चुका है।

बता दें कि सुपर-30 कार्यक्रम के बदौलत आनंद कुमार आज पूरी दुनिया में चर्चित हस्तियों में शुमार किए जाते हैं। इस कार्यक्रम की वजह से उन्हें व्यापक पहचान मिली है। उनके ऊपर फिल्में और कई डॉक्यूमेंट्री बने हैं।