लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर आदमी करें मतदान : कलेक्टर

बिलासपुर26 अगस्त । घर, परिवार और समाज की बुनियाद महिलाओं के कंधों पर होती है। परिवार संभालने का पूरा दारोमदार उन्हीं पर होता है। घर की जिम्मेदारी बखूबी निभाने वाली बिहान की दीदियों ने इस बार शत प्रतिशत मतदान बिलासपुर का अभिमान सूत्र को हकीकत में बदलने की जिम्मेदारी भी ले ली है। इन दीदियों ने आज रक्षाबंधन त्यौहार के पहले चुनई राखी तिहार मनाया और स्वयं मतदान करने के अलावा अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का बीड़ा उठाया है। प्रार्थना भवन में आयोजित चुनई राखी त्यौहार में कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव कुमार झा, सीईओं जिला पंचायत व स्वीप के नोडल अधिकारी अजय अग्रवाल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में बिहान की दीदियां, कॉलेज के विद्यार्थी शामिल हुए। कार्यक्रम में नगर की समाज सेवी संस्था पायल फाउंडेशन एक नया सवेरा व मार्मिक चेतना संस्थाओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। बेहद रोचक कार्यक्रम में शत प्रतिशत मतदान बिलासपुर का अभिमान के नारे से पूरा शहर गूंज उठा।

कलेक्टर संजीव कुमार झा के निर्देश पर साल के अंत में होने वाले विधानसभा निर्वाचन में मतदाताओं की शत प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बड़े पैमाने पर स्वीप की गतिविधियां आयोजित की जा रही है। इसी कड़ी में आज चुनई राखी त्यौहार कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बिहान की दीदियों ने स्वयं के द्वारा तैयार की गयी राखी संकल्प सूत्र बांधकर सभी से मतदान में आनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। कलेक्टर ने इस अवसर पर कहा कि मतदान लोकतंत्र का आधार है। एक-एक वोट से लोकतंत्र मजबूत होता है। वोट देने का अधिकार ऐसा अधिकार है, जो हमें 18 साल इंतजार करने के बाद मिलता है। हमारे पास बहुत सारी जिम्मेदारियां हैं जिनका हम बखूबी निर्वहन करते हैं। ठीक उसी प्रकार मतदान करना भी हमारी जिम्मेदारी है, जो हमें संविधान ने दी है, इसलिए हम सभी को अपने मताधिकार का उपयोग अवश्य करना चाहिए। उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि पात्र सभी लोग अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़ाएं और अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें। 

सीईओ अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर में मतदान का प्रतिशत कम है। इसे बढ़ाना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से मतदान करने और अपने आस-पास के लोगों को प्रेरित करने की अपील की, ताकि बिलासपुर जिला प्रदेश और देश के मानचित्र पर शत प्रतिशत मतदान से अपनी सशक्त भूमिका दर्ज कराएं।

ली गई मतदाता शपथ :

आगामी विधानसभा निर्वाचन व सभी निर्वाचनों में निष्पक्ष रूप से शत प्रतिशत अपने मताधिकार का उपयोग करने की मतदाता शपथ सभी ने ली।

भाईयों की कलाईयों में बंधेगी स्वीप राखियां :

इस रक्षाबंधन पर भाईयों की कलाईयों में बिहान दीदियों की ओर से बनाई गई स्वीप राखियां बंधेगी। बिल्हा ब्लॉक की महिला प्रगति समूह और जलधारा समूह की महिलाओं ने धान की बालियों सहित अन्य सामग्रियों से आकर्षक राखियां बनाकर मतदाता जागरूकता का संदेश दे रही हैं।

प्रश्नोत्तरी सहित अन्य रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन :

कार्यक्रम में बिहान दीदियों से मतदान से जुड़े प्रश्नोत्तरी और उंगली का दम जैसी अन्य रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें विजयी प्रतिभागियों को कलेक्टर संजीव कुमार झा ने पुरस्कार भी दिया। कार्यक्रम में समूह की दीदियों ने अपने आसपास मतदाता जागरूकता के लिए की जा रही गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने अपने विचार भी साझा किए। कार्यक्रम का सफल संचालन आरजे संस्कृति और फीजा ने किया। इस अवसर पर अतिरिक्त तहसीलदार शशिभूषण सोनी, अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के एनएसएस प्रभारी मनोज सिन्हा, जिला पंचायत के पीओ ओम पाण्डेय, एनआरएलएम के जिला समन्वयक रामेन्द्र सिंह गुर्जर, आशीष शर्मा सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।