Chandrayaan-3 Landing Live: कुछ घंटे बाद भारत रचेगा इतिहास, लैंडिग के लिए सब कुछ ठीक, लैंडर की हर एक्टिविटी पर ISRO की नजर

Chandrayaan-3 Landing Live News Updates:आज शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चांद पर भारत के चंद्रयान-3 की लैंडिंग होनी है. इसे लेकर सभी तैयारियां पूरी हैं. चंद्रयान की सफल लैंडिंग के लिए देशभर में पूजा-पाठ और दुआओं का दौर जारी है. वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम में दक्षिण अफ्रीका से वर्चुअली जुड़ेंगे. चंद्रयान 3 से जुड़े हर बड़े, अहम और ताजा अपडेट के लिए आप यहां बने रहें.

शाम 5:20 बजे लाइव टेलिकास्ट शुरू होगा

इसरो के मिशन ऑपरेशन सेंटर से अपडेट है कि लैंडिंग के लिए फाइनल कमांड की तैयारी हो चुकी है. 5 बजकर 44 मिनट पर कमांड दी जाएगी. इसके बाद ऑटोमैटिक लैंडिंग सीक्वेंस शुरू होगा. शाम 5.20 बजे लाइव टेलिकास्ट शुरू होगा.

लैंडिंग के लिए बेहतर जगह तलाशेगा लैंडर

चंद्रयान-3 के लैंडर की बनावट ऐसी है कि उसका एक पाया 2 मीटर ऊंची चट्टान पर पड़ जाए, तो भी वह असंतुलित होकर गिर नहीं पाएगा. फिर भी सॉफ्ट लैंडिंग के दौरान जमीन जितनी समतल मिलेगी, लैंडर और रोवर की सुरक्षा के लिए ये उतना ही अच्छा रहेगा. इसलिए चांद पर लैंडिंग करते समय लैंडर अपने खास सेंसर्स और कैमरों की मदद से पहले सबसे बेहतर जगह तलाशेगा. इसके बाद अपनी गति को लगभग शून्य कर देगा. फिर इसके चारों पाए चांद पर रुक जाएंगे.

चंद्रयान की लैंडिंग के एल्गोरिदम में बदलाव किया गया

चांद के करीब 10 मीटर नजदीक पहुंचते ही चंद्रयान की स्पीड 1.68 मीटर प्रति सेकंड रखी जाएगी. लैंडिंग के दौरान स्पीड को मापने के लिए यान में लेजर डॉपलर वेलोसीमीटर लगाया गया है.सॉफ्ट लैंडिंग को सफल बनाने के लिए इसरो ने चंद्रयान की लैंडिंग के एल्गोरिदम में बदलाव किया है. अगर किसी वजह से तय जगह पर लैंडिंग नहीं हो पाई, तो चंद्रयान-3 को किसी दूसरी जगह उतारा जा सकता है.

सब कुछ अनुकूल, हमारी निगाहें लैंडर की हर एक गतिविधि पर

ISRO चंद्रयान 3 की लैंडिंग को लेकर इसरो ने कहा है कि सब कुछ अनुकूल है, प्रक्रिया अनवरत जारी है, हमारी निगाहें लैंडर की हर एक गतिविधि पर है.

[metaslider id="122584"]
[metaslider id="347522"]