Chandrayaan-3 : पीएम मोदी दक्षिण अफ्रीका में देखेंगे चंद्रयान-3 की लाइव लैंडिंग, इसरो से वर्चुअली जुड़ेंगे

Chandrayaan-3 Live Update: भारत का चंद्रयान-3 आज (23 अगस्त) शाम 6.04 बजे चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंड करेगा. हर भारतीय इन ऐतिहासिक पलों का गवाह बनना चाहता है. देश भर में चंद्रयान-3 के सॉफ्ट लैंडिंग के लिए दुआएं की जा रही हैं. इसरो चंद्रयान-3 की लैंडिंग का लाइव प्रसारण करेगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी चंद्रयान-3 की लैंडिंग का लाइव प्रसारण देखेंगे. बता दें कि पीएम मोदी ब्रिक्‍स शिखर सम्‍मेलन में भाग लेने के लिए दक्षिण अफ्रीका की आधिकारिक यात्रा पर हैं, लेकिन वे लैंडिंग के वक्त वहां से वर्चुअली इस कार्यक्रम से जुडे़ंगे.

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री चंद्रयान-3 की लैंडिंग के दौरान इसरो से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे. बता दें कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) का ये तीसरा चंद्र मिशन है. इससे पहले वाला चंद्र मिशन चंद्रयान-2 चांद की सतह लैंडिंग के वक्त हार्ट लैंडिंग का शिकार हो गया था. ये मिशन आंशिकरूप से सफल रहा था. ऐसे में इसरो की पूरी कोशिश है कि चंद्रयान-3 को सुरक्षित रूप से चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंड कराया जाए.

इसके लिए इसरो ने चंद्रयान-3 में कई बदलाव भी किए हैं. इसरो के मुताबिक, अगर आज लैंडिंग के वक्त चंद्रयान में कोई तकनीकी खामी आती है तो इसे 27 अगस्त को फिर से चंद के दक्षिणी ध्रुव पर लैंड कराया जाएगा. वहीं दक्षिणी ध्रुव पर लैंडिंग के बाद भारत दुनिया का पहला देश बन जाएगा जिसने चांद के दक्षिणी ध्रुव पर कदम रखा है.