Yamuna Water Level : राजधानीवासियों में फिर मंडराने लगा बाढ़ का संकट, खतरे के निशान के पार पहुंचा यमुना नदी का जलस्तर

Yamuna Water Level : हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने दिल्ली की चिंता भी बढ़ानी शुरू कर दी है. यहां यमुना नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़कर खतरे के निशान को पार कर गया. केंद्रीय जल आयोग की वेबसाइट के अनुसार, मंगलवार रात 10 बजे पुराने रेलवे पुल पर यमुना का जलस्तर 205.39 मीटर दर्ज किया गया, जो कि खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर है.

ज्यादा छोड़ा जा रहा पानी

अधिकारियों का कहना है कि हरियाणा के यमुनानगर के हथनी कुंड बैराज से पिछले दिनों की तुलना में पिछले दो दिनों से ज्यादा पानी छोड़ा जा रहा है। पिछले दिनों 10 हजार क्यूसेक से कम पानी छोड़ा जा रहा था। यह सोमवार सुबह नौ बजे 75 हजार क्यूसेक से ज्यादा हो गया, यह 26 जुलाई के बाद सबसे अधिक है।

सोमवार देर रात भी 75 हजार क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा गया। मंगलवार को प्रति घंटे 30 हजार से 55 हजार क्यूसेक तक पानी छोड़ा जा रहा है। जुलाई के मध्य में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में हुई मूसलधार वर्षा के कारण 13 जुलाई को दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर रिकार्ड 208.66 मीटर तक पहुंच गया था जिससे बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। कई दिनों आम जनजीवन बाधित रहा था।