OPM प्रबंधन के खिलाफ अमलाई पुलिस ने दर्ज किया गैर इरादतन हत्या का मामला

शहडोल, 10 अगस्त। जिले में कागज का बना रहे बिड़ला ग्रुप के ओरियंट पेपर मिल प्रबंधन के खिलाफ अमलाई पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पहले मर्ग कायम किया था।

जांच के बाद आगे की कार्रवाई की गई है। मालूम हो कि बुधवार को ओपीएम के पल्प प्लांट में ब्लास्ट होने के बाद एक ठेका श्रमिक की मौत हो गई थी। वहीं अन्य कई मजदूर घायल हो गए थे। अमलाई पुलिस ने प्रबंधन के खिलाफ आइपीसी की 304, 287 और 92 कारखाना अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अभी इस मामले में आगे भी जांच कर रही है।

जंग के निशान बता रहे हैं कि टैंक कितना पुराना था

पुलिस के अनुसार पल्प प्लांट के जिस टैंक में पल्प भरा था वह पूरी तरह से सड़ चुका था। जंग के निशान बता रहे हैं कि टैंक कितना पुराना था और उसका सही समय पर मेंटेनेंस नहीं हुआ था। जंग के कारण टैंक गल गया था। उसके भीतर जैसे ही क्षमता से ज्यादा कैमिकल डाला गया वह फट गया। 60 डिग्री से ज्यादा का तापमान वाला पल्प नीचे गिरने लगा। जिसकी चपेट में मजदूर आए थे।

घटना में रवींद्रपति त्रिपाठी की मौत हो गई थी। परिजन गेट पर शव रखकर प्रदर्शन कर रहे थे वहीं दूसरी प्रबंधन हलके से ले रहा था। नाराज श्रमिक नेता और स्वजनों ने प्रशासनिक अधिकारियों के सामने जमकर हंगामा किया था। इस दौरान प्रबंधन के खिलाफ कई गंभीर आरोप भी लगाए गए थे। उसके बाद पुलिस ने आगे आकर कार्रवाई की है। जबकि घटना की सूचना पहले बिड़ला ग्रुप के ओरियंट पेपर मिल को ही दे देनी चाहिए थी।