अरबी और जिमीकंद काटते समय हाथों में होती है खुजली? तो राहत पाने के लिए अपनाएं ये आसान घरेलू उपाय

How To Get Rid Of Itching: पोषक तत्वों से भरपूर अरबी, जिमीकंद जैसी सब्जियां सेहत के लिए काफी फायदेमंद होती हैं। ये स्वाद में भी काफी बेहतरीन होती हैं। लेकिन इन सब्जियों को बनाना काफी मुश्किल होता है। क्योंकि इन्हें छिलते या काटते समय त्वचा पर चकत्ते या खुजली की समस्या हो सकती है। इनमें मौजूद ऑक्सालेट क्रिस्टल के कारण खुजली होती है। ये सूक्ष्म क्रिस्टल प्राकृतिक रक्षा तंत्र हैं। ये पौधों को कीटों से बचाने में मदद करते हैं। अगर किसी व्यक्ति की स्किन ज्यादा सेंसिटिव होती है, तो इन्हें छूने भर से ही खुजली की समस्या होने लगती है। आज आपको इस आर्टिकल में कुछ ऐसे उपाय बताएंगे जिनकी मदद से आप इस समस्या से राहत पा सकते हैं।

दस्ताने पहनें

इन सब्जियों को काटने से पहले आप अपने हाथों में दस्ताने पहनें। इसके लिए आप लेटेक्स या नाइट्राइल दस्ताने पहन सकते हैं। ये आपकी त्वचा के लिए सुरक्षा कवच के रूप में काम करते हैं। यह जलन पैदा करने वाले तत्वों को स्किन के संपर्क में आने से रोकता है, जिससे खुजली का खतरा काफी हद तक कम हो सकता है।

हाथों को अच्छी तरह धोएं

कई लोग सब्जियां काटने के दौरान दस्ताने पहनना नहीं पसंद करते हैं। इस तरह खुजली की समस्या तेजी से बढ़ जाती है। ऐसे में आप इन सब्जियों को तुरंत काटने के बाद अपने हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोएं। हाथ साफ करने के लिए आप ठंडे पानी का ही प्रयोग करें। क्योंकि गुनगुने पानी के इस्तेमाल से खुजली की समस्या बढ़ सकती है।

हाथों पर सिरका और नींबू का रस लगाएं

सिरका और नींबू के रस दोनों में अम्लीय गुण मौजूद होते हैं, जो खुजली को कम करने में मदद कर सकते हैं। एक बाउल में नींबू का रस या सिरका लें और किसी भी स्टार्चयुक्त सब्जी को छीलने के बाद एक साफ कपड़े को सिरके या नींबू के रस में गीला करे और प्रभावित क्षेत्रों पर लगाएं। कुछ देर बाद पानी से धो लें।

एलोवेरा जेल

एलोवेरा में एंटी इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं। एलोवेरा खुजली को रोकने के लिए बेहतरीन उपाय हो सकता है। स्टार्चयुक्त सब्जी छिलने या काटने के बाद अपनी हाथों पर ताजा एलोवेरा जेल लगाएं। जब यह सूख जाए, तो ठंडे पानी से धो लें।

ओटमील का पेस्ट

ओटमील यानी दलिया जलन या खुजली की समस्या को कम कर सकता है। इसके लिए ओटमील को पानी के साथ मिलाकर पेस्ट बना लें और फिर इसे प्रभावित जगह पर लगाएं। करीब 10-15 मिनट बाद पानी से धो लें।