Transformers- Rise Of The Beasts प्राइम वीडियो पर हुई रिलीज, फिल्म देखने के लिए चुकानी होगी ये रकम

Transformers- Rise Of The Beasts OTT Release: हॉलीवुड की फिल्मों को भारत में खूब पसंद किया जाता है। खासकर, एक्शन और अव्वल दर्जे के वीएफएक्स वाली फिल्मों के तो लोग दीवाने हैं। जून में ही ‘ट्रांसफॉर्मर्स: राइज ऑफ द बीस्ट’ रिलीज हुई थी। सिनेमाघरों में फिल्म को लेकर मिली-जुली राय मिली थी। हालांकि, कमाई के मामले में अच्छा प्रदर्शन किया। इसका हिंदी वर्जन भी लोगो को पसंद आया था, लेकिन जो लोग इसे सिनेमा हॉल में नहीं देख पाए, उनके लिए खुशखबरी है। ट्रांसफॉर्मर्स का यह सातवां पार्ट अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रहा है। हालांकि, अभी यह रेंटल प्लान के तहत की उपलब्ध है।

चार भाषाओं में हो रही स्ट्रीम

प्राइम वीडियो के ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर जानकारी दी गई है कि ट्रांसफॉर्मर्स: राइज ऑफ द बीस्ट को प्लेटफॉर्म पर रिलीज कर दिया गया है। भारत में इस फिल्म को देखने के लिए 389 रुपये चुकाने होंगे। यह प्राइम पर इंग्लिश के अलावा हिंदी, तमिल और तलुगु में भी उपलब्ध है।

क्या है फिल्म की कहानी?

फिल्म की कहानी एक चाबी की खोज पर टिकी है। बहुत साल पहले खतरनाक शैतान यूनिकॉर्न अपनी सभी ग्रहों पर तबाही मचाता है। उसे दूसरी दुनिया मे जाना है, जिसके लिए उसको एक चाबी की जरूरत है। यह चाबी ऐसे लोगों के पास है, जिन्हें मैक्सिमल्स कहा जाता है। ये रोबॉट और जानवरों से मिलकर बने हैं।

जैसे ही यूनिकॉर्न  मैक्सिमल्स तक पहुंचता है। उनका सरदार अपने साथियों को चाबी देकर भगा देता है और खुद कुर्बान हो जाता है। फिर फिल्म नब्बे के दशक में पहुंच जाती है, जहां चाबी एक महिला वैज्ञानिक के पास है। उस चाबी की मदद से ऑटोबॉट्स वापस अपनी दुनिया मे जाना चाहते हैं, जबकि यूनिकॉर्न की टोली और ताकतवर होना चाहती है। अब देखना दिलचस्प है कि चाबी किसके हाथ लगती है।

2007 में शुरू हुई थी फ्रेंचाइजी

‘ट्रांसफॉर्मर्स’ फ्रेंचाइजी साल 2007 में शुरू हुई थी। इसके बाद समय-समय पर फिल्म के आगे के पार्ट्स रिलीज होते गए। अब तक इस फ्रेंचाइजी के कुल 7 भाग आ गए हैं। इसका अगला पार्ट 2024 में रिलीज हो सकता है। मेकर्स ने ट्रांसफॉर्मर्स के 8वें और 9वें पार्ट को लाने की बात कही थी। इंडिया में ट्रांसफॉर्मर्स की दीवानगी ऐसी है कि लोग फिल्म पर बने गेम्स भी जमकर खेलते हैं। इस हफ्ते ओटीटी पर रिलीज हो रही अन्य फिल्मों और वेब सीरीज के लिए यहां क्लिक करें।