कियारा व कार्तिक ने सत्यप्रेम की कथा देख रहे दर्शकों से सिनेमा हॉल में अचानक की मुलाकात, खुशी से झूमे फैंस

नई दिल्ली। कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी ने एक वीडियो शेयर किया है। इसमें दोनों को बांद्रा में जियो वर्ल्ड ड्राइव शॉपिंग मॉल के एक थिएटर में जाते देखा जा सकता है। उन्होंने दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया, जो उनकी फिल्म सत्यप्रेम की कथा देख रहे थे।

फिल्म खत्म होने के तुरंत बाद यह ऑन-स्क्रीन जोड़ी थिएटर के अंदर आई। सत्तू और कथा को असल जिंदगी में देखकर दर्शक उत्साहित हो गए और उनका सभी ने हौसला बढ़ाया। उन्होंने कार्तिक और कियारा का गर्मजोशी से स्वागत किया। वहीं, कियारा और कार्तिक हाथ जोड़कर उनका आभार जताते नजर आए। वीडियो शेयर करते हुए कियारा ने लिखा, ‘जब दर्शक खड़े होकर तालियां बजाने लगते हैं, तब आपको एहसास हो जाता है कि मैजिक हो गया है… हमेशा के लिए संजोकर रखने वाला पल… मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि सत्यप्रेम की कथा की पूरी टीम की ओर से आभार।”

दोनों ने रविवार को दर्शकों से बात की है। कार्तिक आर्यन ने भी यही वीडियो पोस्ट किया है और लिखा है,”यह स्टैंडिंग ओवेशन सिर्फ सत्तू और कथा के लिए नहीं है बल्कि पूरी टीम के लिए है। इस परिणाम के लिए सभी ने अथक परिश्रम किया है… आभार।” सरप्राइज विजिट के दौरान जहां कियारा ने सफेद रंग का ब्लेजर और नीली डेनिम पहनी थी। वहीं, कार्तिक ने सफेद टी शर्ट और नीली डेनिम पहन रखी थी। दर्शकों की प्रतिक्रिया देखकर दोनों मुस्कुरा रहे थे।

इस बीच, जैसे ही कियारा और कार्तिक ने वीडियो पोस्ट किया, प्रशंसकों ने इस पर तुरंत प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी। थिएटर में मौजूद एक प्रशंसक ने अभिनेताओं से मिलने का अपना अनुभव भी शेयर किया है। वहीं, कई लोगों ने लाल दिल वाली इमोजी शेयर की है। काम की बात करें तो, कियारा अगली बार राम चरण के साथ फिल्म गेम चेंजर में नजर आएंगी। जबकि कार्तिक कैप्टन इंडिया फिल्म में नजर आएंगे।