वियतनाम के रक्षामंत्री ने राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की

नई दिल्ली ,20 जून  वियतनाम के रक्षामंत्री जनरल फान वान गियांग ने राष्‍ट्रपति भवन में आज राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इस अवसर पर राष्‍ट्रपति ने कहा कि भारत और वियतनाम के बीच दो हजार वर्ष से अधिक के सांस्‍कृतिक और ऐतिहासिक संबंध हैं। उन्‍होंने कहा कि भारत की एक्‍ट ईस्‍ट नीति का वियतनाम एक महत्‍वपूर्ण स्‍तंभ है और हिंद-प्रशांत दृष्टिकोण का मुख्‍य भागीदार है। 

राष्‍ट्रपति ने कहा कि भारत-वियतनाम समग्र महत्‍वपूर्ण भागीदारी ने परस्‍पर सहयोग का दायरा और बढा दिया है। इसमें रक्षा और सुरक्षा, व्‍यापार और निवेश संबंध, ऊर्जा सुरक्षा, सांस्‍कृतिक तथा लोगों के बीच संबंध शामिल है। उन्‍होंने कहा कि द्विपक्षीय रक्षा सहयोग इस भागीदारी का एक सबसे महत्‍वपूर्ण स्‍तंभ है। राष्‍ट्रपति मुर्मू ने कहा कि भारत और वियतनाम के बीच क्षमता निर्माण औद्योगिक सहयोग, शांति रक्षक तथा संयुक्‍त अभ्‍यास सहित रक्षा सहयोग बहुत व्‍यापक है।