अगर आप स्वस्थ रहना चाहते हैं, तो सिर्फ हेल्दी खाना खाना ही काफी नहीं है, बल्कि डिनर के बाद की आदतें भी आपकी सेहत पर बड़ा असर डालती हैं। यू ट्यूब चैनल ‘माई एक्सपर्ट डॉक्टर’ की फाउंडर, एमबीबीएस, एमडी (जनरल मेडिसिन) डॉ. शालिनी सिंह सालुंखे के मुताबिक, रात का खाना खाने के बाद की कुछ गलतियां पाचन तंत्र को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ मोटापा, एसिडिटी, डायबिटीज और हृदय रोग जैसी समस्याओं का खतरा भी बढ़ा सकती हैं। आइए जानते हैं डिनर के बाद किन आदतों से बचना चाहिए?
डिनर के बाद की ये आदतें पड़ सकती हैं भारी
डिनर के बाद तुरंत मीठा खाना: खाने के तुरंत बाद मिठाई या मीठी चीजें खाने से ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकता है और अतिरिक्त कैलोरी शरीर में फैट के रूप में जमा हो सकती है। अगर मीठा खाने का मन हो तो थोड़ी देर बाद और सीमित मात्रा में ही खाएं।
डिनर के बाद बहुत ज्यादा वर्कआउट करना: भारी भोजन के तुरंत बाद हाई-इंटेंसिटी एक्सरसाइज करने से पाचन प्रभावित हो सकता है और पेट में दर्द, ऐंठन या एसिडिटी की समस्या हो सकती है। डिनर के बाद हल्की वॉक करना बेहतर विकल्प माना जाता है।
डिनर के बाद देर तक स्क्रीन देखना: मोबाइल, लैपटॉप या टीवी की स्क्रीन से निकलने वाली ब्लू लाइट मेलाटोनिन हार्मोन को प्रभावित कर सकती है, जिससे नींद की गुणवत्ता खराब हो सकती है। सोने से कम से कम 30-60 मिनट पहले स्क्रीन से दूरी बनाना बेहतर होता है।
खाने के बाद तुरंत लेट जाना: डिनर के तुरंत बाद बिस्तर पर लेटने से एसिड रिफ्लक्स, सीने में जलन और अपच की समस्या हो सकती है। खाना खाने के बाद कम से कम 2-3 घंटे का अंतर रखकर सोने की सलाह दी जाती है।
बहुत देर से डिनर करना: रोजाना देर रात खाना खाने से शरीर की बायोलॉजिकल क्लॉक प्रभावित हो सकती है। इससे पाचन धीमा पड़ता है, वजन बढ़ने का खतरा बढ़ सकता है और नींद भी प्रभावित हो सकती है।

