महादेव बेटिंग ऐप मामले में स्पोर्ट्स प्रेजेंटर शेफाली बग्गा से ईडी की 5 घंटे पूछताछ, आरोपों को बताया निराधार - vedantsamachar.in

महादेव बेटिंग ऐप मामले में स्पोर्ट्स प्रेजेंटर शेफाली बग्गा से ईडी की 5 घंटे पूछताछ, आरोपों को बताया निराधार

रायपुर, 17 जुलाई। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप और उससे जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को स्पोर्ट्स प्रेजेंटर और ‘बिग बॉस 13’ फेम शेफाली बग्गा से रायपुर स्थित अपने जोनल कार्यालय में करीब पांच घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ के बाद बाहर निकलीं शेफाली बग्गा ने मीडिया से बातचीत में अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया।

ईडी सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी को ऐसे डिजिटल साक्ष्य और प्रचार सामग्री मिली है, जिनमें शेफाली बग्गा कथित रूप से विदेश, विशेषकर दुबई और लंदन से संचालित ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स का प्रचार करती दिखाई देती हैं। एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि क्या उन्होंने बेटिंग प्लेटफॉर्म से जुड़े प्रचार के साथ खिलाड़ियों को बेटिंग संबंधी टिप्स भी उपलब्ध कराए थे।

जांच के दौरान एक टेलीग्राम चैनल भी ईडी के रडार पर आया है। एजेंसी का दावा है कि इस चैनल के माध्यम से कथित रूप से ऑनलाइन बेटिंग का प्रचार-प्रसार और संबंधित गतिविधियां संचालित की जाती थीं। फिलहाल चैनल से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन की जांच जारी है।

ईडी का यह भी आरोप है कि शेफाली बग्गा का संबंध महादेव ऑनलाइन बुक नेटवर्क के कथित हवाला ऑपरेटर खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से रहा है। एजेंसी दोनों के बीच संभावित आर्थिक लेन-देन और अन्य संबंधों की भी जांच कर रही है।

उल्लेखनीय है कि शेफाली बग्गा स्पोर्ट्स एंकरिंग की दुनिया का चर्चित चेहरा हैं। वह लोकप्रिय रियलिटी शो ‘बिग बॉस 13’ में प्रतिभागी रह चुकी हैं और कई प्रमुख क्रिकेट आयोजनों की एंकरिंग कर चुकी हैं। सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी-खासी सक्रियता और लोकप्रियता है।

हालांकि, मामले में अभी जांच जारी है और ईडी की ओर से किसी भी आरोप पर अंतिम निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं किया गया है। वहीं, शेफाली बग्गा ने अपने खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों से इनकार करते हुए उन्हें पूरी तरह बेबुनियाद बताया है।