नाव पलटने से 100 लोगों की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

दिल्ली । अफ्रीकी देश नाइजीरिया में एक भीषण हादसा में 100 लोगों की मौत हो गई है। यहां शादी से लौट रहे लोगों से भरी नाव नदी में पलट गई, जिसमें महिलाओं और बच्चों सहित 100 लोगों की मौत हो गई है।हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर खोजबीन की जा रही है। यह हादसा सोमवार सुबह हुआ है और अब इस हादसे में किसी के बचने की उम्मीद कम है, लेकिन फिर भी सर्च ऑपरेशन चलाकर लोगों की तलाश की जा रही है।



नाइजर राज्य में हुआ हादसा

मिली जानकारी के मुताबिक नाव में सवार सभी लोग उत्तरी नाइजीरिया के नाइजर राज्य के एगबोटी गांव में आयोजित हुए एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे और वापसी के दौरान यह हादसा हुआ।नाइजीरियाई पुलिस प्रवक्ता ओकासनमी अजयी ने जानकारी दी है कि मरने वाले अधिकांश लोग रिश्तेदार हैं। नाव में महिलाएं और बच्चे भी बड़ी तादाद में सवार थे।



हादसे का कारण पता नहीं
इस भयावह हादसे का कारणों के बारे में अभी खुलासा नहीं हुआ है। नाव में करीब 100 से ज्यादा लोग सवार थे और कई लोग अपने साथ बाइक भी लेकर जा रहे थे। यह हादसा सुबह तड़के 3 बजे हुआ इसलिए हादसे का शिकार हुए लोगों तक समय पर मदद भी नहीं पहुंच पाई। काफी देर बाद इस हादसे के बारे में जानकारी सामने आई। तब तक कई लोगों की मौत हो चुकी थी।



बड़ी नदियों में नाइजर
गौरतलब है कि नाइजर नदी नाइजीरिया की सबसे बड़ी नदियों में से एक है। यह नदी पश्चिम अफ्रीका की मुख्य नदी गिनी से होकर नाइजीरिया के नाइजर डेल्टा तक जाती है, जो अफ्रीका का एक प्रमुख व्यापार मार्ग भी है। नाइजीरिया एक बेहद गरीब देश है और सड़कों की अच्छी स्थिति नहीं होने के कारण अधिकांश लोग यहां नाव में ही सफर करना पसंद करते हैं। नाइजीरिया में लंबे-लंबे सफर के लिए आमतौप पर छोटे जहाजों का इस्तेमाल किया जाता है। बीते महीने भी यहां सोकोतो राज्य की एक नदी में नाव के पलट जाने से 15 बच्चे डूब गए थे।