कोरबा, 16 जुलाई (वेदांत समाचार)। बालकोनगर में उत्कल भारती समिति के तत्वावधान में गुरुवार को भगवान श्री जगन्नाथ की पारंपरिक रथयात्रा श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक आस्था के साथ निकाली गई। आयोजन में बालको के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी (धातु) निकेत श्रीवास्तव, वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिवारजनों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रथयात्रा प्रारंभ होने से पूर्व वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्री जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और भगवान बलभद्र की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद तीनों विग्रहों को सुसज्जित रथ पर विराजमान कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया। उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी निकेत श्रीवास्तव ने पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा श्रद्धालुओं के साथ रथ खींचकर इस पावन परंपरा में अपनी सहभागिता निभाई।
रथयात्रा के दौरान “जय जगन्नाथ” के जयघोष से पूरा बालकोनगर भक्तिमय वातावरण में डूब गया। शोभायात्रा में शामिल कर्मा नृत्य दल की मनमोहक प्रस्तुति, पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर धुन, भक्ति संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे।
रथयात्रा राम मंदिर से प्रारंभ होकर बालकोनगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए रामलीला मैदान स्थित श्री गुंडिचा मंदिर पहुंची, जहां भगवान श्री जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और भगवान बलभद्र की विधिवत स्थापना कर विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई।

आयोजन समिति ने बताया कि 16 से 24 जुलाई तक श्री गुंडिचा मंदिर में प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन, महाप्रसाद वितरण तथा विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
समिति के अनुसार बालकोनगर में भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा का आयोजन पिछले 45 वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विरासत और सामुदायिक एकता का भी प्रतीक बन चुका है।

