अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत, दो गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में चल रहा उपचार….

अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई। वहीं, दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका उपचार अस्पताल में चल रहा है। नई बाजार संवाददाता के अनुसार झंगहा क्षेत्र के नई बाजार से चौरी चौरा मार्ग पर कटहरिया टोले के पास गिट्टी लदे ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों में एक की मौके पर मौत हो गई। वहीं, दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।

यह है मामला

मृत युवक की पहचान खोराबार क्षेत्र के रामनगर कड़जहां के बड़का टोला निवासी दयासागर निषाद के रूप में हुई। बाइक पर बैठा दूसरा साथी संदीप निषाद का पैर टूट गया। दोनों युवक किसी कार्य से नई बाजार गए थे। वापस घर जाते समय सवा एक बजे हादसा हुआ। बाइक दयासागर चला रहा था। उधर, घटना के बाद चालक ट्रेलर लेकर फरार हो गया।

उनवल संवाददाता के अनुसार गुरुवार की रात 12 बजे शादी समारोह से वापस घर जाते समय पड़ियापार के पास डीसीएम की चपेट में आने से झुड़िया निवासी परमानंद त्रिपाठी की मृत्यु हो गई। आसपास के लोगों ने चालक समेत गाड़ी को पकड़ लिया। मृतक के पिता ओंकारनाथ त्रिपाठी की तहरीर पर खजनी पुलिस ने महदेवा निवासी डीसीएम चालक रामचंद्र के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।

शुक्रवार की सुबह बेलघाट क्षेत्र के रहने वाले अशोक कुमार चाचा के साथ गोरखपुर की तरफ जा रहे थे। खजनी चौराहे पर एचडीएफसी बैंक के सामने डीसीएम की चपेट में आ गए। इसमें अशोक का पैर पहिए के नीचे आ गया था। पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से सदर अस्पताल भेजा।

डीसीएम की चपेट में आ जाने से युवक की हुई मौत

बेलघाट संवाददाता के अनुसार शुक्रवार शाम बेलघाट निवासी पंचम बेलदार की डीसीएम की चपेट में आने से मृत्यु हो गई। वह मजदूरी कर घर जा रहे थे। ब्लाक मोड़ के पास पीछे से आ रही पाइप लदी डीसीएम ने टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने चालक समेत डीसीएम को पकड़कर पुलिस के सिपुर्द कर दिया। मृतक की पत्नी सरिता ने थाना पुलिस को तहरीर दी है।