Raipur News : छत्तीसगढ़ में दोपहर में लू तो शाम तक गर्म हवा…

रायपुर ,16 मई । जेठ का महीना अब अपना तेवर दिखाने लगा है। सूर्य की प्रचंडता बढ़ने से वातावरण में तेजी से गर्माहट बढ़ रही है। हालांकि बादलों के बीच सोमवार को दिन का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही स्थिर रहा, लेकिन गर्म हवा ने देर शाम तक लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग के अनुसार इसी सप्ताह में तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

सोमवार को सुबह से तेज धूप के बीच गर्म हवा चल रही थी। दोपहर में तो लू जैसी स्थिति थी। शाम तक हवा गर्म चलने से लोग परेशान हुए। हालांकि देर शाम हवा में हल्की ठंडकता घुलने से लोगों ने राहत महसूस किया। मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार को अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना तो नहींं है। लेकिन आगामी दो दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।

सोमवार को अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। रविवार तक जिले में सबसे अधिक गर्मी पड़ रही थी। अब दुर्ग सबसे गर्म हो गया है। वहां सोमवार को तापमान 43. 6 डिग्री रिकार्ड किया गया। इसी तरह राजधानी में 42.2 व बिलासपुर में दिन का तापमान 42.2 डिग्री रिकार्ड किया गया।