Raigarh News : यातायात नियमों के उल्लंघन पर एक हफ्ते में वसूले 22.48 लाख रुपए

रायगढ़ ,13 मई  जिले में आरटीओ, पुलिस, माईनिंग व पर्यावरण विभाग की संयुक्त टीम ने गत सप्ताह सघन जांच अभियान शुरू किया। यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालों के ऊपर कड़ी कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम द्वारा 1548 प्रकरणों पर कार्यवाही करते हुए 22.48 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने पिछले दिनों सड़क सुरक्षा को लेकर संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक ली थी।

जिसमें उन्होंने यातायात नियमों के कड़ाई से पालन सुनिश्चित करवाने तथा उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्यवाही करने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में आरटीओ, पुलिस, माईनिंग एवं पर्यावरण विभाग द्वारा संयुक्त रूप से कार्यवाही की गई। जिसमें आरटीओ द्वारा 850 प्रकरण में 19 लाख 70 हजार 200 रुपए, पुलिस विभाग द्वारा 698 प्रकरण में 2 लाख 78 हजार 500 रुपए सहित कुल 1548 प्रकरणों में 22.48 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया।

अवैध फ्लाईएश परिवहन कर रही 13 गाडियां पकड़ी गई

कलेक्टर के निर्देश पर अवैध फ्लाईएश और खनिज परिवहन पर भी लगातार कार्यवाही की जा रही है। खरसिया में अवैध रूप से फ्लाईएश परिवहन करते पाए जाने पर तहसीलदार खरसिया की टीम ने 13 गाड़ियों को पकड़ा और कार्यवाही की। इसके अलावा गत सप्ताह में खनिज विभाग द्वारा खनिजों के अवैध परिवहन पर 9 वाहनों पर कार्यवाही की गई। साथ ही पर्यावरण विभाग द्वारा अवैध फ्लाईएश परिवहन करने वाले 4 वाहनों पर कार्यवाही की गई है।