KORBA: 125 वर्षों की ऐतिहासिक रथयात्रा 16 जुलाई को, शराब दुकान बंद रखने की मांग - vedantsamachar.in

KORBA: 125 वर्षों की ऐतिहासिक रथयात्रा 16 जुलाई को, शराब दुकान बंद रखने की मांग

0.दादरखुर्द ग्राम विकास समिति ने कलेक्टर को भेजे दो अलग-अलग पत्र, प्रशासन से सहयोग और शुष्क दिवस घोषित करने का आग्रह

कोरबा,09 जुलाई(वेदांत समाचार) । जिले के दादरखुर्द स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक स्वामी जगन्नाथ मंदिर में 16 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली 125वीं रथयात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन को शांतिपूर्ण एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए दादरखुर्द ग्राम विकास समिति ने जिला कलेक्टर को दो अलग-अलग पत्र भेजे हैं। एक पत्र में कलेक्टर को सपरिवार रथयात्रा महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है, जबकि दूसरे पत्र में रथयात्रा के दिन गांव में संचालित शासकीय शराब दुकान को बंद रखने की मांग की गई है।

ग्राम विकास समिति ने अपने पत्र में बताया है कि दादरखुर्द में भगवान स्वामी जगन्नाथ की रथयात्रा पिछले 125 वर्षों से निरंतर आयोजित होती आ रही है। यह क्षेत्र का प्राचीन एवं ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन है, जिसमें कोरबा जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु एवं दर्शनार्थी शामिल होते हैं। हर वर्ष बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे भगवान जगन्नाथ के दर्शन एवं रथयात्रा में भाग लेने पहुंचते हैं।

समिति ने कलेक्टर को भेजे आमंत्रण पत्र में आग्रह किया है कि वे सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाएं। साथ ही सुरक्षा, यातायात, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया गया है।

वहीं, दूसरे पत्र में समिति ने रथयात्रा के दिन गांव में संचालित शासकीय शराब दुकान को एक दिन के लिए बंद रखने की मांग उठाई है। पत्र में कहा गया है कि रथयात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु गांव पहुंचते हैं। ऐसे में शराब दुकान खुली रहने से कुछ असामाजिक तत्व शराब का सेवन कर धार्मिक आयोजन में व्यवधान उत्पन्न कर सकते हैं, जिससे कानून-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है।

समिति ने प्रशासन से 16 जुलाई को गांव की शासकीय शराब दुकान बंद रखने तथा आवश्यक आदेश जारी करने की मांग की है, ताकि धार्मिक आयोजन पूरी श्रद्धा, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

ग्राम विकास समिति के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन श्रद्धालुओं की भावनाओं और आयोजन की ऐतिहासिक महत्ता को देखते हुए आवश्यक निर्णय लेगा। इधर, गांव में रथयात्रा महोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल बना हुआ है।