बड़ी खबर : CM फ्लाइंग की रात को अस्पताल में दस्तक, एंबुलेंस चालक जाम छलकाते मिले, मचा हड़कंप

रेवाड़ी। रात के समय निश्चिंत होकर नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले लोगों पर भी अब सीएम फ्लाइंग की नजरें तिरछी हो चुकी हैं। सीएम फ्लाइंग के डीएसपी राजेश चेंची के निर्देश पर टीम ने शनिवार की रात सामान्य असपताल में एक बार फिर दस्तक दी।

टीम जब अस्पताल पहुंची तो डायल-112 कंट्रोल रूम के चार एंबुलेंस चालक पुलिस चौकी के बगल में कमरे में जाम छलकाते हुए मिले। सीएम फ्लाइंग ने चारों का मेडिकल कराने के बाद उन्हें गोकलगेट पुलिस चौकी के हवाले कर दिया। रात के समय सीएम फ्लाइंग के एक्शन ने अस्पताल स्टाफ की नींद उड़ा दी।

सीएम फ्लाइंग के इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने गोकल गेट पुलिस इंचार्ज के साथ सामान्य अस्पताल में रेड की। टीम जब अस्पताल की पुलिस चौकी के बगल में बने एंबुलेंस चालकों के कक्ष में पहुंची तो वहां शराब के जाम छलक रहे थे। जाम छलकाने वाले चालकों के होश सीएम फ्लाइंग को देखते ही उड़ गए।

एंबुलेंस चालक गोकलगेट निवासी प्रकाश, संजय व गंगायचा जाट निवासी विशाल की ड्यूटी रात को 8 बजे से सुबह 8 बजे तक थी, जबकि सुबह 8 बजे से रात 8 बजे की ड्यूटी करने वाला रामगढ़ निवासी महेंद्र भी कमरे में जाम छलका रहा था। सीएम फ्लाइंग ने चारों को पुलिस के हवाले कर दिया। रात को ही चारों का मेडिकल कराया गया, जिसमें उनके शराब पीने की पुष्टि हुई। बाद में गोकल गेट पुलिस चौकी में चारों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। डीएसपी राजेश चेंची ने बताया कि ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वाले लोगों को किसी तरह की कोई छूट नहीं दी जा सकती। ऐसे लोगों के खिलाफ सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

संकट में मरीजों की जान

एंबुलेंस से गंभीर मरीजों को उपचार के लिए अस्पतालों में पहुंचाया जाता है। खासकर डायल-112 सेवा काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है। इन इस सेवा के तहत एंबुलेंस चलाने वाले लोग ही दारू के नशे में टल्ली रहने लगें, तो इससे मरीजों की जान वैसे ही खतरे में पड़ सकती है। देखना यह है कि अस्पताल प्रशासन इन चालकों के खिलाफ क्या एक्शन लेने जा रहा है।