बिलासपुर में पेट्रोल पंप पर मारपीट: पुलिस आरक्षक सस्पेंड, मीडिया कर्मी से विवाद के बाद FIR दर्ज... - vedantsamachar.in

बिलासपुर में पेट्रोल पंप पर मारपीट: पुलिस आरक्षक सस्पेंड, मीडिया कर्मी से विवाद के बाद FIR दर्ज…

बिलासपुर,08 जुलाई (वेदांत समाचार )। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पेट्रोल पंप पर बाइक टकराने के मामूली विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। मामले में एक पुलिस आरक्षक पर मीडिया कर्मी के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरक्षक को लाइन अटैच (सस्पेंड) कर दिया है। वहीं, पुलिस ने आरोपी आरक्षक और उसके साथी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, यह घटना तारबाहर थाना क्षेत्र स्थित अंबा पेट्रोल पंप की है। दयालबंद निवासी शिवा गोरख, जिन्होंने स्वयं को मीडिया कर्मी बताया है, मंगलवार रात करीब 8 बजे पेट्रोल भरवाने के लिए अंबा पेट्रोल पंप पहुंचे थे। पेट्रोल पंप पर अधिक भीड़ होने के कारण उनकी बाइक की हल्की टक्कर सतीश ताती की बाइक से हो गई।


बताया जा रहा है कि बाइक टकराने की इस मामूली घटना को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सतीश ताती ने अपने परिचित पुलिस आरक्षक अभिषेक बक्श को मोबाइल फोन कर मौके पर बुला लिया। मौके पर पहुंचने के बाद आरक्षक अभिषेक बक्श ने भी कथित रूप से शिवा गोरख के साथ मारपीट की। इस दौरान सतीश ताती ने भी उनके साथ हाथापाई की। घटना के बाद शिवा गोरख ने तारबाहर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सतीश ताती और पुलिस आरक्षक अभिषेक बक्श के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने तत्काल प्रभाव से आरक्षक अभिषेक बक्श को लाइन अटैच कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


इस घटना के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। सड़क पर हुए मामूली विवाद में पुलिसकर्मी की कथित संलिप्तता को लेकर लोगों में चर्चा का माहौल है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान और घटनास्थल से जुड़े अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।