रायपुर, 10 अप्रैल 2026। शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी सेंट्रल जोन के निर्देश पर गुरुवार शाम से देर रात तक कोतवाली डिवीजन में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान थाना कोतवाली, गोलबाजार, मौदहापारा और गंज क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई।
अभियान के तहत पुलिस ने शराब भट्ठियों के आसपास, सुनसान स्थानों और अड्डेबाजी वाले क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए नशाखोरी और अड्डेबाजी में लिप्त लोगों पर शिकंजा कसा। थाना कोतवाली एवं आसपास के इलाकों से 6 व्यक्तियों तथा मौदहापारा क्षेत्र से 2 व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। सभी आरोपियों को विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से 7 अनावेदकों के खिलाफ जेल वारंट जारी करते हुए उन्हें केंद्रीय जेल भेज दिया गया।

इसके अलावा सरप्राइज चेकिंग के दौरान मौदहापारा और गंज थाना पुलिस ने 2 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया। वहीं पूरे डिवीजन में 8 जमानतीय वारंट और 7 गिरफ्तारी वारंट भी तामील किए गए, जिससे लंबे समय से फरार आरोपियों पर भी कार्रवाई संभव हो सकी।
इसी दौरान थाना गंज पुलिस ने तेलघानी नाका चौक के पास सघन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध धारदार स्टील का चाकू बरामद किया गया। आरोपी राज नायक उर्फ माया, निवासी उरला, रायपुर के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर ई-रिक्शा चालकों और अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के सघन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

