महापौर ने आधा दर्जन वार्ड का किया दौरा, गर्मी में पेयजल व्यवस्था और समस्या जानी

निगम आयुक्त भी अपनी टीम के साथ रहे मौजूद

भिलाई । भिलाई चरोदा निगम क्षेत्र के ड्राय जोन वाले वार्ड में गर्मी में पेयजल की स्थिति ओर समस्या जानने महापौर निर्मल कोसरे पहुंचे। उन्होंने वार्ड के लोगों एवं जनप्रतिनिधियों से पेयजल को लेकर समस्या जानी वहीं निरीक्षण भी किया। समस्याओं के निदान के लिए मौके पर ही अफसरों को निर्देशित किया। एक स्थान पर पेयजल में गंदगी आने की शिकायत पर जिम्मेदार अफसर को फटकार भी लगाई।



महापौर निर्मल कोसरे के द्वारा नगर पालिक निगम भिलाई चरौदा के विभिन्न वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ निगम आयुक्त अजय कुमार त्रिपाठी भी अपनी टीम के साथ रहे। पंचशीलनगर चरौदा एवं श्याम नगर भिलाई-3 में सीधे जनता से भेंट मुलाकात करने महापौर निर्मल कोसरे पहुंचे। जिन वार्डो में पेयजल आपूर्ति को लेकर दिक्कत आ रही थी वहां महापौर स्वयं पहुंचे। नल से दूषित जल निकलना पाया गया उसे त्वरित संधारित करने के निर्देश निगम आयुक्त के माध्यम से जलापूर्ति विभाग के प्रभारी आधिकारियों को दिया। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के माध्यम से हर वार्ड में पानी की सप्लाई सुचारू रूप से हो इसके लिए निगम आधिकारी एवं कर्मचारियों को महापौर द्वारा कड़े शब्दों में चेतावनी दी गई।



इन वार्ड में ज्यादा दिक्कत
भिलाई 3 चरौदा निगम क्षेत्र के वार्ड-1 इंदिरा नगर, वार्ड कं-2 हथखोज, वार्ड-3 अकलोरडीह, वार्ड-4 जरवाय, पंचशील नगर, शांतिनगर भिलाई-3 एवं श्याम नगर में पेयजल को लेकर लगातार शिकायत आ रही है। सभी वार्डों में लोगों से मिलते हुये महापौर ने पेयजल संबंधी समस्या के निराकरण के लिए विशेष रूप से दल गठित कर कार्यवाही करने जल विभाग द्वारा कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

.



शुद्ध पेयजल की आपूर्ति प्राथमिकता
निगम महापौर निर्मल कोसरे ने कहा कि निगम की टीम ने आज गर्मी के मौसम में पीने के पानी की आपूर्ति समय पर हो सके इसके लिए निरीक्षण किया। सभी को शुद्ध और पर्याप्त पेयजल की आपूर्ति हो यही प्राथमिकता है। इसलिए एक अभियान की शुरूवात की गई है। महापौर के वार्डो में दौरा के समय उनके साथ आयुक्त अजय त्रिपाठी, कार्यपालन अभियंता सुनिल जैन, इंदिरा नगर वार्ड 1 की पार्षद वामेश्वरी साहू, बहलराम साहू, हथखोज पार्षद राकेश बंछोर महापौर परिषद सदस्य संतोषी निषाद, डी. वेंकट रमना, जरवाय पार्षद भूपेन्द्र वर्मा, फिरोज फारूखी, टेनेन्द्र ठाकरे एवं बडी संख्या में वार्ड के लोग उपस्थित रहे।