CG NEWS : जिला अस्पताल में भरा पानी, पहली बारिश में ही जलमग्न... - vedantsamachar.in

CG NEWS : जिला अस्पताल में भरा पानी, पहली बारिश में ही जलमग्न…

राजनांदगांव, 06 जुलाई (वेदांत समाचार)। मानसून की पहली मूसलाधार बारिश ने नगर निगम के दावों की पोल खोल दी। शहर के बसंतपुर स्थित जिला अस्पताल परिसर एक बार फिर जलमग्न हो गया। करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद अस्पताल टापू में तब्दील हो गया, जिससे मरीजों, उनके परिजनों और डॉक्टरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले सालों में जिला अस्पताल परिसर में जलभराव की गंभीर समस्या को देखते हुए परिसर को ऊंचा उठाने और ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए करोड़ों रुपये की लागत से निर्माण कार्य कराया गया था।

निगम और प्रशासन ने दावा किया था कि इन कार्यों के बाद अस्पताल परिसर में पानी नहीं भरेगा और मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल परिसर तो ऊंचा कर दिया गया, लेकिन पानी की निकासी के लिए प्रभावी और स्थायी व्यवस्था नहीं की गई। नतीजतन, अस्पताल चारों ओर से पानी से घिर गया और परिसर टापू जैसा नजर आने लगा। अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर आपातकालीन वार्ड तक जलभराव की स्थिति बनी रही। एम्बुलेंस से आने वाले गंभीर मरीजों को स्ट्रेचर के जरिए पानी के बीच से ले जाना पड़ा। वहीं, दवाइयां और जरूरी सामान लेने बाहर जाने वाले मरीजों के परिजन गंदे और दूषित पानी से होकर गुजरने को मजबूर रहे।