धमतरी, 06 जुलाई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मकान निर्माण के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। कुरूद थाना क्षेत्र के भोथली गांव में निर्माणाधीन मकान पर काम कर रहे एक राजमिस्त्री की बांस की चैली (मचान) से गिरने के कारण मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राजेंद्र ध्रुव के रूप में हुई है, जो भोथली गांव का निवासी था और पेशे से राजमिस्त्री था। बताया जा रहा है कि राजेंद्र गांव में एक मकान के निर्माण कार्य में ईंट जोड़ने का काम कर रहा था। इसके लिए उसने बांस की चैली बनाकर ऊंचाई पर काम शुरू किया था।
काम के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे गिर पड़ा। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में मर्ग कायम कर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
इस हादसे के बाद भोथली गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि राजेंद्र ध्रुव मेहनती और अनुभवी राजमिस्त्री था, जिसकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं यह घटना निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा उपायों की आवश्यकता को भी एक बार फिर उजागर करती है।

