खरसिया, 04 जुलाई (वेदांत समाचार)। खरसिया क्षेत्र में बरसात का मौसम शुरू होते ही अवैध रेत उत्खनन का मामला एक बार फिर सामने आया है। मुड़ागांव इलाके में नदी के बीचों-बीच ट्रैक्टर उतारकर खुलेआम रेत निकासी और परिवहन किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो के सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार रानीगुड़ा और लेब्रा घाट क्षेत्र में कुछ लोग नदी की धार के बीच ट्रैक्टर चलाकर रेत निकालते हुए नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह नियमों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए नदी के भीतर से बालू का अवैध उत्खनन किया जा रहा है।
यह गतिविधि न केवल सरकारी नियमों का उल्लंघन है, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकती है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दौरान नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ जाता है, ऐसे में ट्रैक्टर के फंसने या तेज बहाव में बह जाने का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद रेत तस्कर बेखौफ होकर इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन चल रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से तस्करों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। अब जब यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, तो प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि प्रशासन इस पर क्या कार्रवाई करता है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मामले की जांच कर अवैध रेत उत्खनन में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

