कोंडागांव, 04 जुलाई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक पिता पर अपनी ही 8 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मां ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को हिरासत में लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी बच्ची के साथ गलत व्यवहार कर चुका था। घटना की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को भी थी। 2 जुलाई की रात आरोपी ने पत्नी के विरोध के बावजूद बच्ची को कमरे में ले जाकर घटना को अंजाम दिया। अगले दिन 3 जुलाई की सुबह पीड़िता की मां अपनी बच्ची को लेकर कोतवाली थाना पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष की ओर से रिपोर्ट दर्ज न कराने का दबाव बनाया गया था, लेकिन इसके बावजूद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसे न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और पीड़िता को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

