फिल्म निर्माता बोनी कपूर की कार से 39 लाख रुपए के चांदी के बर्तन जब्त

बेंगलुरु। कर्नाटक चुनाव में करीब एक महीने का समय शेष बचा है। राज्य में कुल 224 सीटों पर 10 मई को चुनाव होगा। निष्पक्ष चुनाव कराना चुनाव आयोग की पहली प्राथमिकता है। इसी के मद्देनजर चुनाव आयोग की टीम लगातार वाहनों की जांच कर रही है और संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार कर वाहनों में मिल रहे अवैध सामानों को जब्त कर कानूनी कार्रवाई कर रही है।  बोनी कपूर के नाम से रजिस्टर्ड बीएमडब्लू कार से कर्नाटक में चुनाव आयोग के अधिकारियों ने चांदी के बर्तन ज़ब्त किए हैं। बर्तनों को 5 डिब्बों में बिना उचित दस्तावेज के बीएमडब्ल्यू कार से चेन्नई से मुंबई लाए जा रहे थे। 


चुनाव आयोग ने एक गाड़ी से 66 किलो के चांदी के बर्तन जब्त किए। इनकी कीमत करीब 39 लाख रुपये है। इन बर्तनों को 5 डब्बों में एक BMW कार से चेन्नई से मुंबई ले जाया जा रहा था। इनका कोई उचित दस्तावेज मौजूद नहीं था। गाड़ी में ड्राइवर के अलावा एक हरि सिंह नाम का एक शख्स मौजूद था। हरि सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, जब्त किए गए बर्तनों में चांदी की कटोरियां, चम्मच, पानी के मग और प्लेट मौजूद हैं। पूछताछ के दौरान हरि सिंह ने कबूल किया कि ये बर्तन बोनी कपूर के हैं। जांच अधिकारियों ने उचित दस्तावेज न होने के कारण इसे जब्त किया है। मामले में बोनी कपूर से भी पूछताछ हो सकती है। फिलहाल बोनी या उनकी टीम की तरफ से इस बारे में कोई बयान नहीं आया है।


बोनी बॉलीवुड के जानेमाने फिल्म निर्माता हैं। उन्होंने अपने करियर में हम पांच, वो सात दिन, रूप की रानी चोरों का राजा, ‘हमारा दिल आपके पास है, कोई मेरे दिल से पूछे, बेवफा, नो एंट्री, वांटेड और तेवर जैसी प्रसिद्ध फिल्में बनाई हैं। हाल ही में वह लव रंजन की फिल्म ‘तू झूठी मैं मक्कार’ में अभिनय करते भी दिखे थे। बोनी जाह्नवी कपूर और अर्जुन कपूर के पिता हैं।

कर्नाटक चुनाव में करीब एक महीने का समय शेष बचा है। राज्य में कुल 225 विधानसभा सीटें हैं, जिनमें से 224 सीटों पर 10 मई को चुनाव होगा। एक सीट मनोनीत सदस्य के लिए आरक्षित हैं। देश के अन्य राज्यों की तरह कर्नाटक में भी जातिगत और धार्मिक समीकरण राजनीतिक पार्टियों की चुनावी हार-जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। चुनाव के लिए कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और जनता दल ने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है।