भाजपा छत्तीसगढ़ प्रभारी ओम माथुर का बस्तर दौरा 10 को

रायपुर । छत्तीसगढ़ में फिर से कमल खिलाने के लिए भाजपा ने विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज कर दी है।

भाजपा के छत्तीसगढ़ प्रभारी व केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य ओम माथुर दो दिन के बस्तर प्रवास पर 10 अप्रैल को जगदलपुर आएंगे।

आगामी विधानसभा चुनाव की पार्टी की तैयारी की समीक्षा करेंगे। इसी दिन बस्तर लोकसभा क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं का संभागीय सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा।

दो दिन के दौरे में एक दिन उनका मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए दंतेवाड़ा जाने का कार्यक्रम भी बन रहा है। पिछले साल छत्तीसगढ़ प्रभारी बनने के बाद से माथुर का प्रदेश के सभी संभागों का दौरा हो चुका है। पिछले माह वे कांकेर तक आए थे और वहीं से लौट गए थे। बस्तर लोकसभा क्षेत्र में उनका यह पहला प्रवास होगा।

बस्तर जिला भाजपा अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि ओम माथुर के बस्तर प्रवास का आधिकारिक कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है। एक दो दिन में दौरा कार्यक्रम जारी हो जाएगा। प्रदेश संगठन से मौखिक सूचना मिली है जिसमें 10 अप्रैल को उनके बस्तर आने की बात कही गई है।

इसी को संभावित तिथि मानकर तैयारी शुरू की जा चुकी है। मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय भी ओम माथुर के साथ जगदलपुर आ सकते हैं।

विधानसभा चुनाव 2018 इसके छह माह बाद हुए लोकसभा चुनाव 2019 में बस्तर संभाग में भाजपा को काफी नुकसान उठाना पड़ा था। संभाग की सभी 12 विधानसभा सीट और बस्तर लोकसभा सीट पर कांग्रेस का कब्जा है। भाजपा यहां दोबारा जनता का विश्वास प्राप्त करने एड़ी चोटी का जोर लगा रही है।

पिछले दो साल में भाजपा के कई बड़े नेता बस्तर का दौरा कर चुके हैं। 31 अगस्त से दो सितंबर 2019 तक पार्टी ने जगदलपुर में तीन दिवसीय चिंतन शिविर आयोजित किया था।

जिसमें राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, राष्ट्रीय महामंत्री डी. पुरंदेश्वरी, छत्तीसगढ़ भाजपा के सहप्रभारी नितिन नवीन, पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह सहित अनेक नेताओं ने भाजपा को दोबारा सत्ता तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की थी।

इसके बाद एक मई 2022 को शिवप्रकाश ने कोंडागांव आकर संभाग के प्रमुख पार्टी पदाधिकारियों की बैठक ली थी। फरवरी 2023 में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा यहां लालबाग मैदान में जनसभा लेकर गए हैं।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी सीआरपीएफ के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने 25 मार्च 2023 को बस्तर आए थे। पिछले साल अप्रैल-मई में आधा दर्जन केंद्रीय मंत्रियों ने बस्तर संभाग के अलग-अलग जिलों का दौरा किया था। अब ओम माथुर बस्तर आ रहे हैं।