माही से हर परिस्थिति में मैदान पर शांत रहने की कला सीखी, एमएस धोनी की कप्तानी के कायल हैं स्टीव स्मिथ

नई दिल्ली। वर्ल्ड क्रिकेट टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी की कप्तानी का कायल है। मैदान पर चाहे परिस्थिति कितनी ही विपरीत क्यों ना हो माही हमेशा ही शांत नजर आते हैं। इसके साथ ही आखिरी मौके पर दांव चलकर मैच को पलटने का धोनी का हुनर कमाल का है। इस बीच, ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने एमएस धोनी की जमकर तारीफों के पुल बांधे हैं।

स्मिथ ने बांधे धोनी की तारीफों के पुल

स्मिथ का कहना है कि उन्होंने माही से हर परिस्थिति में मैदान पर शांत रहने की कला सीखी। स्टीव स्मिथ आईपीएल में धोनी के साथ राइजिंग पुणे जायंट्स के साथ खेल चुके हैं। पहले सीजन धोनी ने पुणे टीम की कप्तानी की थी। हालांकि, भारत की कप्तानी छोड़ने के बाद अगले सीजन फ्रेंचाइजी ने टीम की कमान माही से लेकर स्टीव स्मिथ के हाथों में सौंप दी थी।

माही से सीखी मैदान पर शांत रहने की कला

स्टीव स्मिथ ने स्टार स्पोर्ट्स के साथ बातचीत करते हुए धोनी को लेकर कहा, “मुझे लगता है कि मैंने धोनी से मैदान पर शांत रहने की कला सीखी। मैंने उनके पूरे करियर में देखा कि वह किस तरह से हर परिस्थिति में शांत रहते हैं। उनके चेहरे पर बिल्कुल भी हाव-भाव नहीं बदलते हैं। शायद यह वो चीज है, जो मैंने उनसे लेने की कोशिश की।”

स्मिथ ने धोनी की तारीफ करते हुए कहा, “”जाहिर तौर पर, उन्होंने अपने लंबे करियर में काफी उपलब्धि हासिल की। वह इस खेल को खेलने वाले बेस्ट कप्तान के तौर पर जाने जाएंगे। आपको पता है कि जब मुझे कॉल आया उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि मैं टीम को लीड करूं, तो वह काफी डराने वाला था। हालांकि, उस सीजन धोनी लाजवाब रहे थे। उन्होंने हर तरह से मेरी मदद की जैसे वह कर सकते थे, वह एक कमाल के इंसान हैं। उनको अपनी कप्तानी में खेलते हुए देखना काफी शानदार और साथ ही डराने वाले अनुभव था।”