सीआईएसएफ-एसईसीएल में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, स्वस्थ समाज निर्माण का लिया संकल्प - vedantsamachar.in

सीआईएसएफ-एसईसीएल में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, स्वस्थ समाज निर्माण का लिया संकल्प

कोरबा, 2 जुलाई 2026। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इकाई एसईसीएल बिलासपुर के तत्वावधान में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा बुधवार को गेवरा स्थित क्षेत्रीय महाप्रबंधक कार्यालय परिसर के सामने नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सीआईएसएफ के जवानों को एक प्रभावशाली वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही नशे से दूर रहकर सकारात्मक, संतुलित और स्वस्थ जीवन जीने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।

इस अवसर पर सीआईएसएफ के जवानों के साथ एसईसीएल प्रबंधन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम के समापन पर सीआईएसएफ इकाई एसईसीएल बिलासपुर के इकाई प्रभारी एवं उप महानिरीक्षक रघुबीर नरेन ने कहा कि नशा एक घातक एवं विनाशकारी लत है, जो व्यक्ति के तन, मन और धन तीनों को प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ, समृद्ध और सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाए।

उन्होंने उपस्थित सभी प्रतिभागियों से नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने तथा जागरूक और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन नशामुक्त भारत के संकल्प के साथ हुआ।