मिला 16 करोड़ का टारगेट, खनिज विभाग ने अब तक वसूले 11 करोड़…

लक्ष्य पूरा करने कार्यवाही को तेज करने की जरूरत

धमतरी । धमतरी जिले के खनिज विभाग को राजस्व लाभ प्राप्त करने के लिए शासन ने मौजूदा वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 16 करोड़ 14 लाख का लक्ष्य मिला था। विभाग ने अपने कार्यों के प्रति तत्परता नहीं दिखाई जिसके कारण 11 करोड़ 88 लाख 75 हजार 833 रूपए की वसूली हो पाई है। हालांकि इस विभाग को अन्य विभागों से कुछ और राजस्व मिलने की आशा है।



धमतरी जिले में खनिज सम्पदा रेत, मुरूम, ईंट प्राचुर मात्रा में है। यहां 24 रेत खदान वैध हैं। जहां दर्जन भर खदानें संचालित हो रही है। कई खदानें अवैध तरीके से भी चल रही हैं। प्रतिदिन सैकड़ों हाईवा वाहन और टे्रक्टर के माध्यम से रेत की निकासी रात-दिन हो रही है। फिर भी विभाग लक्ष्य की पूर्ति नहीं कर पा रहा है। वर्ष 2021-22 के लिए शासन ने खनिज विभाग धमतरी को 14 करोड़ 11 लाख का लक्ष्य किया था। इसके एवज में 14 करोड़ 90 लाख रूपए का राजस्व प्राप्त कर वाह-वाही बटोरी थी। वर्ष 2022-23 के लिए 16 करोड़ 14 लाख रूपए का लक्ष्य दिया था इसके एवज में विभाग द्वारा 11 करोड़ 88 लाख 75 हजार 833 रूपए तक की वसूली कर पाई है। लक्ष्य पूर्ति नहीं होने के प्रमुख कारण अवैध तरीके से चल रहे खदानों और वाहनों के खिलाफ कार्यवाही नहीं होना है। अगर विभाग लगातार दबिश देकर कार्यवाही करता तो लक्ष्य आसानी से पार किया जा सकता था। खनिज विभाग के अधिकारी निरीक्षक फील्ड में निकलकर कोई कार्यवाही करने के बजाय ज्यादातर समय दफ्तर में बैठकर काट देते हैं। यही कारण है कि विभाग लक्ष्य प्राप्ति करने से दूर हो गया है। मार्च माह पूर्ण होने में अब 11 दिन शेष रह गये हैं। पांच करोड़ की वसूली होने के बाद ही लक्ष्य तक पहुंचा जा सकता है, जो संभव नहीं है। खनिज विभाग शेष बचे दिनों में ज्यादा से ज्यादा 50 लाख रूपए वसूली कर सकते हैं। खनिज विभाग सिर्फ रेत से ही राजस्व वसूली करती है जबकि अन्य खनिज संपदाओं पर भी नजर रखने की जरूरत है।