करडेगा में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम, शिविर लगाकर छूटे हुए 22 लोगों का बनाया गया आयुष्मान कार्ड

जशपुरनगर। दुलदुला विकासखंड के ग्राम करडेगा में स्वास्थ्य विभाग की ओर से राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया और आयुष्मान कार्ड शिविर भी लगाया गया। जिसमें छूटे हुए लोगों को आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा है। साथ ही किशोरी बालिकाओं को स्वास्थ्य संबंधित जानकारी दी जा रही है। खून की कमी को दूर करने का प्रयास, नियमित साफ-सफाई, पौष्टिक भोजन, खान-पान की जानकारी दी जा रही है। साथ ही शाला त्यागी बच्चों को शिक्षा की मुख्यधार से जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है।  

दुलदुला के बीपीएम से प्राप्त जानकारी के अनुसार दुलदुला विकासखंड में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के लिए 06 जगहों का चिन्हांकन किया गया है। कार्यक्रम में सहयोग प्रदान करने के लिए 15 से 17 आयु वर्ग के युवाओं का चयन किया गया है। इनमें एक गांव के दो लड़का और दो लड़की को प्रशिक्षण देकर साथियॉ नाम दिया गया है। युवाओं को प्रशिक्षण देकर गांव-गांव में किशोर-किशोरी स्वास्थ्य कार्यक्रम, नशा मुक्ति अभियान, आयुष्मान कार्ड बनाने, एनीमिया को दूर करने, स्वास्थ्य शिक्षा पर जोर देने के लिए कविता, नृत्य और संगीत के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।