Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड में की ताबड़तोड़ बैटिंग, हुई छक्के-चौकों की बरसात - vedantsamachar.in

Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड में की ताबड़तोड़ बैटिंग, हुई छक्के-चौकों की बरसात

नई दिल्ली,01 जुलाई : वैभव सूर्यवंशी का इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू कब होगा इस सवाल का जवाब तो अबतक नहीं मिला है लेकिन 15 साल के इस बल्लेबाज ने अपने बल्ले से जवाब जरूर दे दिया. बाएं हाथ के इस तूफानी बल्लेबाज ने इंग्लैंड के खिलाफ चेस्टर ले स्ट्रीट में होने वाले पहले टी20 मैच से पहले कमाल बैटिंग की. सूर्यवंशी ने नेट्स पर काफी देर तक बैटिंग प्रैक्टिस की और उन्होंने छक्के-चौकों की बरसात कर दी. वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बैटिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वो अपने ही अंदाज में दिलकश शॉट्स खेलते नजर आ रहे हैं.

वैभव सूर्यवंशी ने की भारतीय गेंदबाजों की धुनाई
वैभव सूर्यवंशी ने नेट्स पर प्रैक्टिस के दौरान भारतीय गेंदबाजों और थ्रो डाउन के खिलाफ कमाल बैटिंग की. उन्होंने कई ग्राउंड शॉट्स खेले और साथ ही सेट होने के बाद वो हवाई फायर करते भी नजर आए. स्टार स्पोर्ट्स ने उनका 22 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है जिसमें वो जबरदस्त लय में नजर आ रहे हैं. इस वीडियो को देखने के बाद उनके डेब्यू की मांग और ज्यादा बढ़ रही है.

वैभव सूर्यवंशी कब करेंगे डेब्यू?
वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू का इंतजार सिर्फ फैंस ही नहीं बल्कि वर्ल्ड क्रिकेट के दिग्गजों को भी है. आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में तो उन्हें बेंच पर ही बैठाए रखा गया लेकिन क्या इंग्लैंड टी20 सीरीज में भी उनके साथ ये होगा ? ये एक बड़ा सवाल है. वैसे इंग्लैंड टी20 सीरीज से ठीक पहले कप्तान श्रेयस अय्यर ने अपने बयान से ये बात तो साफ कर दी है कि आयरलैंड के खिलाफ हारने वाली प्लेइंग इलेवन को वो बदलने नहीं वाले हैं. अय्यर ने साफ कहा कि टीम इंडिया में सभी खिलाड़ियों ने प्रदर्शन किया है और जो खिलाड़ी टी20 वर्ल्ड कप जिताए हैं उनका आत्मविश्वास बनाए रखने के लिए उन्हें लगातार मौके देना जरूरी है. हालांकि इंग्लैंड में वैभव सूर्यवंशी का नाम छाया हुआ है. ये सीरीज पांच मैचों की है, उम्मीद है कि सूर्यवंशी को एक मैच में तो मौका मिल ही जाएगा.

कमाल की फॉर्म में हैं वैभव सूर्यवंशी
वैभव सूर्यवंशी इस वक्त कमाल की फॉर्म में चल रहे हैं. ये खिलाड़ी आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा 776 बनाने में कामयाब रहा. गजब की बात ये है कि 15 साल के इस खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा 72 छक्के लगाए और उनका स्ट्राइक रेट 237.30 का रहा. इसके बाद इंडिया ए के लिए खेलते हुए उन्होंने श्रीलंका में ट्राई सीरीज के फाइनल में 29 गेंदों में 94 रन ठोक टीम को चैंपियन बनाया.