माओवादियों के हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, जंगल में छिपाया गया 6 टन हथियार बनाने का सामान बरामद, मौके पर किया गया नष्ट - vedantsamachar.in

माओवादियों के हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, जंगल में छिपाया गया 6 टन हथियार बनाने का सामान बरामद, मौके पर किया गया नष्ट

पखांजूर/गडचिरोली, 29 जून । महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा से लगे बालबेडा के घने जंगलों में सुरक्षा बलों ने माओवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियार निर्माण से जुड़े एक बड़े ठिकाने का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त अभियान के दौरान जंगल में दबाकर रखी गई भारी मात्रा में हथियार बनाने की सामग्री बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दी गई। गुप्त सूचना के आधार पर गडचिरोली पुलिस, सीआरपीएफ और बम निरोधक दस्ता (BDDS) की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान करीब 5 से 6 टन वजनी लेथ मशीन, 150 क्लेमोर एवं बीजीएल पाइप, 220 नग 12 बोर पाइप, 20 रायफल रॉड समेत हथियार निर्माण में उपयोग होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद हुई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, माओवादी इन उपकरणों और सामग्रियों का इस्तेमाल सुरक्षा बलों पर हमलों की तैयारी तथा हथियार और विस्फोटक तैयार करने में करते थे। बरामद सामग्री से स्पष्ट संकेत मिले हैं कि जंगल में लंबे समय से हथियार निर्माण की गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए बरामद सभी सामग्री को घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया गया। यह कार्रवाई 27 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गडचिरोली पुलिस के विशेष अभियान दल, बीडीडीएस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दी।