Raipur News : अडानी-मोदी की दोस्ती से देश को हो रहा नुकसान : संजीव झा

रायपुर ,12 फरवरी  आम आदमी पार्टी की एक बड़ी रैली रायपुर में आयोजित हुई। रविवार को आयोजित इस रैली की अगुआई आप छत्तीसगढ़ प्रभारी संजीव झा ने की। उन्होंने बताया कि गौतम अडानी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दोस्ती से देश को नुकसान हो रहा है। प्रधानमंत्री दोस्ती निभा रहे है, और चुप हैं। आम आदमी पार्टी यह चुप्पी चलने नहीं देगी। प्रधानमंत्री की इस चुप्पी को तोड़ने आज आप के समस्त नेता व कार्यकर्ता सड़क पर उतरे हैं। झा ने कहा कि 15 साल तक छत्तीसगढ़ को भाजपा ने लूटा, इसके बाद अब कांग्रेस लूट रही है। प्रदेश की जनता अपने को ठगा सा महसूस कर रही है। उत्तर से लेकर दक्षिण की जनता का यह कहना है कि दोनों पार्टियों ने केवल हमें लूटा है। आम आदमी पार्टी से आम जनता जुड़ रही है, उनका कहना है कि रैली में उपस्थित भीड़ में सभी आम लोग है। प्रदेश में हो रहे भ्रष्टाचार को आम आदमी पार्टी एक्सपोज़ करेगी। यह लड़ाई छत्तीसगढ़ को बचाने की है।

संजीव झा ने कहा जैसे दिल्ली के लोगों ने दिल्ली को बदला, पंजाब के लोगों ने पंजाब को, वैसे ही अब छत्तीसगढ़ की आम जनता यहां बदलाव लाएगी। आम आदमी पार्टी को जनता का समर्थन मिल रहा है। मूलभूत समस्याओं को लेकर प्रदेश प्रभारी झा ने कहा कि किसान अपनी आय को लेकर परेशान है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खूब ढिंढोरा पीटते हैं, लेकिन आज किसान, बेरोजगार,  सरकारी सरकारी दफ्तर में कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी सड़कों पर हैं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिनें, शिक्षक सड़कों पर हैं। तो फिर यहां खुश कौन हैं? आज हर वर्ग परेशान हैं। ऐसे में जरुरत है कि इस सभी की लड़ाई आम आदमी पार्टी लड़े।