केलो नदी के उद्गम से चलेगा महाभियान, चीफ सेक्रेटरी ने दिए हैं आदेश... - vedantsamachar.in

केलो नदी के उद्गम से चलेगा महाभियान, चीफ सेक्रेटरी ने दिए हैं आदेश…

रायगढ़,26 जून (वेदांत समाचार)। एक बार फिर से केलो नदी को संवारने के लिए प्रशासन ने ब्लू प्रिंट तैयार किया है। उद्गम स्थल से लेकर महानदी में मिलने तक नदी के हर भाग में पानी का बहाव बढ़ाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। प्रदेश की नदियों के पुनरुद्धार को लेकर मुख्य सचिव ने पिछले दिनों बैठक में आदेश दिए थे। रायगढ़ जिला नदियों के मामले में बेहद समृद्ध है।

यहां केलो नदी, मांड नदी, महानदी, कुरकुट नदी बहती हैं जो तकरीबन प्रत्येक भाग छूकर गुजरती हैं। इन नदियों में पानी का बहाव इस बात पर निर्भर करता है कि कैचमेंट एरिया से कितना पानी आता है। हाल ही में नदियों में पानी का फ्लो कम होने और इसे बढ़ाने के बारे में एक बैठक हुई। मुख्य सचिव ने सभी जिलों को नदियों का संरक्षण करने के लिए प्लान बनाने को कहा है। केलो नदी को लेकर प्रजेंटेंशन दिया गया जिसमें उद्गम स्थल के बारे में भी चर्चा हुई। आने वाले दिनों में केलो नदी के उद्गम स्थल को संरक्षित करते हुए पूरी नदी के कैचमेंट एरिया से पानी का बहाव रोक रही बाधाओं व अतिक्रमण को हटाया जाएगा। नदी किनारे वृक्षारोपण किया जाएगा।

कई प्वाइंट पर पर्यटन के लिहाज से निर्माण होंगे। नदी में मिलने वाले नालों को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। जगह-जगह स्टॉप डैम, गेबियन आदि भी बनाए जाएंगे। केलो नदी को संरक्षित करने के लिए जिला पंचायत सीईओ अभिजीत पठारे के मार्गदर्शन में डिटेल प्लान बन रहा है। इसमें नदी की लंबाई, बीच में चिह्नित प्वाइंट, होने वाले कार्य आदि की छोटी से छोटी जानकारी भी दर्ज की जा रही है। केलो नदी में पानी का बहाव बढ़ाना ही सबसे पहला उद्देश्य है। ताकि बारहों महीने पानी बहता रहे।