रुद्रेश्वर धाम में दर्शन के लिए ऐतिहासिक भीड़

धमतरी ,05 फरवरी  माघ पूर्णिमा के अवसर पर रविवार को रूद्री में महानदी किनारे स्थित रुद्रेश्वर धाम में हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने दर्शन किया। दर्शन करने के पहले यहां पहुंचे लोगो ने सुबह 4 बजे से आस्था और श्रद्धा की डुबकी लगायी। इस अवसर पर ऐतिहासिक भीड़ देखी गई। माघ पूर्णिमा पर रूद्री स्थित रुद्रेश्वर धाम में पिछले कई अरसे से मेले का आयोजन किया जा रहा  है। यहां दूर दराज के लोग भी  महानदी में  डुबकी लगाकर दर्शन के लिए पहुंचते है।

पिछले कई साल बाद इस साल भक्तों की ऐसी भीड़ ऐतिहासिक रही। मंदिर परिसर में दो बड़ी लंबी लाईने लगी रही। दर्शनार्थियो को जलाभिषेक के लिए दो से तीन घंटे तक कतार में खड़े रहना भी पड़ा। मंदिर समिति के  सदस्यों ने पुलिस की मदद से दर्शनार्थियो को कतारबद्ध तरीके से प्रवेश दिया। जिसके कारण दर्शन के दौरान कोई अव्यवस्था नहीं हुई। रात में ही मंदिर परिसर के बाहर नदी किनारे विद्युत व्यवस्था की गई थी। डुबकी लगाने वालों को भी कोई दिक्कत नहीं हुई। सुबह से मेला स्थल में दुकाने सज गई। जहां खरीददार भी नजर आए।

आंगा देवता बना रहा आकर्षण का केंद्र
मड़ई मेले में जिस तरह आंगा देवता और डांग बाजे गाजे के साथ भ्रमण करता है। इसी तरह रुद्रेश्वर धाम में भी शीतला मंदिर के पास आंगा देवता पहुंचे थे। मंदिर के चारों ओर बाजे गाजे के साथ आंगा देव के भम्रण करने से आकर्षण का केंद्र बना रहा।

सुबह से हो गई कई दुकानों में बिक्री
मेला स्थल में सुबह से होटल, खिलौने, चाट-गुपचुप, आईसक्रीम, मनियारी समान की दुकानें सज गई। हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने खरीदारी की। दुकानदार इस बार सुबह से हो रही बिक्री से खुश नजर आए।

डुबकी लगाने महानदी में पानी छोड़ा गया
माघ पूर्णिमा में सुबह नदी में स्नान करना पुण्य माना जाता है। जल संसाधन विभाग द्वारा गंगरेल से महानदी के लिए पानी छोड़ा गया है। नदी किनारे बसे गांव के लोगो को भी पानी छोडऩे से राहत मिली है।

जिले में चार जगहों पर लगा मेला
धमतरी जिले में माघ पूर्णिमा के अवसर पर चार जगहों में ं मेला लगा हुआ है। रूद्री के रुद्रेश्वर धाम, नगरी के कर्णेश्वर मंदिर, देवपुर के डोंगापथरा, राजिम में मगरलोड क्षेत्र अंतर्गत आने वाले लोमस ऋषि आश्रम में मेले का आयोजन किया गया है। इन चारो स्थानो पर मेला देखने लोगों की भीड़ लगी रही। रूद्री थाना प्रभारी शरद ताम्रकार ने बताया कि मेला को देखते हुए पर्याप्त बल की व्यवस्था की गई है। सुबह से ही पुलिस महिला, पुरूष जवानों को मंदिर क्षेत्र एवं मेला स्थल में तैनात कर दिया गया। मंदिर के आसपास पार्किंग नहीं होने की वजह से सिंचाई कालोनी में पार्किंग की व्यवस्था रखी गई है।