मंत्री अकबर ने गंधर्व समाज के सामुदायिक भवन का किया लोकार्पण

कवर्धा ,01 फरवरी । केबिनेट मंत्री व कवर्धा विधायक मोहम्मद अकबर ने बुधवार को बोड़ला विकासखंड के ग्राम जवेड़नकला में 10 लाख रूपए की लागत से गंधर्व समाज के सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने सामाजिक भवन निर्माण के लिए सभी को बधाई और शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर कृषि उपज मंडी अध्यक्ष नीलकंठ साहू, उपाध्यक्ष चोवा साहू, कलीम खान, सनत जायसवाल, श्रीमती शीला बाई, रामजी ध्रुव सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

मंत्री अकबर ने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक समाज का सामाजिक भवन होना चाहिए। सामाजिक भवन होने से समाज के नागरिकों को विभिन्न आयोजनों के लिए स्थान उपलब्ध रहेगा और अनेक कार्यक्रम यहां कर सकेंगे। सामाजिक उन्नति के लिए यह महत्वपूर्ण कदम है और शासन इसके लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शासन ने नागरिकों से वादा किया था उसे पूरा किया है। धान खरीदी हमारी प्राथमिकता में शामिल है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल चार वर्षों से किसानों से समर्थन मूल्य में धान की खरीदी कर रहें है।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर राजीव गांधी किसान न्याय योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना और गोधन न्याय योजना के तहत छत्तीसगढ़ राज्य के किसानों, भूमिहीन कृषि मजदूरों, पशुपालकों एवं समूह से जुड़ी महिलाओं को सीधे उनके बैंक खातों में राशि अंतरित की गई। उन्होंने कहा कि ऐसे नागरिक जिनके पास जमीन नहीं है जो खेती किसानी कर मजदूरी करते है उनके लिए राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के तहत शासन साल में 7 हजार रुपया प्रतिवर्ष उनके खाते में दे रही है। शासन के आने के बाद किसानों की सिंचाई कर की माफी हुई है। शासन का सबसे महत्वपूर्ण कार्य सबके लिए राशन कार्ड बनाना प्राथमिकता है, जिसे पूरा करते हुए शासन द्वारा सभी का राशन कार्ड बनाया गया है। उन्होंने कहा कि यदि कोई राशन कार्ड बनाने से छूट गया है उनके द्वारा आवेदन करने पर राशन कार्ड पात्रता के अनुसार बना कर दिया जाएगा। कोई भी इससे वंछित नही रहेगा।