धमतरी में जुए के फड़ पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 जुआरी गिरफ्तार, 1.83 लाख रुपये का सामान जब्त - vedantsamachar.in

धमतरी में जुए के फड़ पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 जुआरी गिरफ्तार, 1.83 लाख रुपये का सामान जब्त

धमतरी, 23 जून (वेदांत समाचार)। धमतरी पुलिस ने जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम रामपुर के अमाबगीचा में संचालित जुए के फड़ पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से 8 जुआरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नगदी, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री सहित कुल 1 लाख 83 हजार 800 रुपये मूल्य का सामान जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर जिलेभर में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान थाना भखारा पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम रामपुर स्थित अमाबगीचा में कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर 52 पत्ती ताश से “काट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई शुरू की।

पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने नाम मेघनाथ साहू, राजेश कुमार रात्रे, महादेव रात्रे, गजेंद्र कुमार निषाद, नारदराम निषाद, छन्नु लाल रात्रे, देनेश्वर साहू और कवल सिंह साहू निवासी ग्राम रामपुर, थाना भखारा, जिला धमतरी बताए।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ और आरोपियों के कब्जे से 10 हजार 800 रुपये नकद, 5 मोटरसाइकिल और एक सुपर एक्सल वाहन जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 40 हजार रुपये है, जब्त किया। इसके अलावा 4 एंड्रॉयड स्मार्टफोन और 3 कीपैड मोबाइल फोन कुल 33 हजार रुपये मूल्य के बरामद किए गए। जुआ खेलने में उपयोग की जा रही 52 पत्ती ताश भी पुलिस ने जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 1 लाख 83 हजार 800 रुपये बताई गई है।

धमतरी पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध जुआ, सट्टा या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके और जिले में कानून-व्यवस्था कायम रखी जा सके।