बिलासपुर, 23 जून (वेदांत समाचार)। जिले के सकरी थाना क्षेत्र में लगातार हो रहे विवाद और मारपीट की घटनाओं पर सख्ती दिखाते हुए सकरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुरानी रंजिश को लेकर आपसी विवाद, मारपीट और लोक शांति भंग करने वाले 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध बीएनएसएस की धाराओं के तहत इस्तगाशा तैयार कर माननीय न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना सकरी क्षेत्र में पिछले कुछ समय से विभिन्न पक्षों के बीच पुराने विवादों को लेकर लगातार झगड़े और तनाव की स्थिति बनी हुई थी। इन घटनाओं के कारण क्षेत्र में कानून-व्यवस्था प्रभावित होने और लोक शांति भंग होने की आशंका बढ़ गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
बताया गया कि 23 जून 2026 की सुबह ईरानी पारा पांड निवासी नजर नब्बास अली ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि 22 जून की रात शराफत अली, सज्जाद अली, एजाज अली और नजफ अली ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की। शिकायत के आधार पर सकरी थाना में अपराध क्रमांक 595/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
इसी प्रकार सैदा निवासी कविता दुबे की शिकायत पर प्रवीण दुबे और प्रशांत दुबे के खिलाफ भी अपराध दर्ज किया गया। वहीं एक अन्य मामले में लखन पटेल की रिपोर्ट पर पहले से दर्ज अपराध की विवेचना भी चल रही थी। पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि अपराध दर्ज होने के बावजूद दोनों पक्षों के लोग लगातार आपसी विवाद और मारपीट कर क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित कर रहे थे।
मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को दी गई। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी के नेतृत्व में विशेष कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में असलम अली, अकरम अली, कासिम अली, अली खान जाफरी, शराफत अली, नजफ अली, जान मोहम्मद, एहसास अली, सज्जाद अली, प्रवीण दुबे उर्फ लसरा, प्रशांत दुबे, शिवराज यादव उर्फ भर्रा तथा त्रिवेव यादव उर्फ श्रीदेव उर्फ नानू शामिल हैं।
सकरी पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगाशा तैयार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, आपसी रंजिश के चलते मारपीट करने और लोक शांति भंग करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। आम नागरिकों से भी शांति बनाए रखने और किसी भी विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

