हॉकी विश्व कप: भारत और इंग्लैंड के बीच ड्रॉ हुआ मैच, दोनों टीमों को मिले 1-1 अंक

ओडिशा ,16 जनवरी  ओडिशा में चल रहे हॉकी विश्व कप 2023 के अपने दूसरे मुकाबले में भारतीय हॉकी टीम को इंग्लैंड के खिलाफ ड्रॉ से संतोष करना पड़ा। दोनों टीमों को इस मुकाबले में 12 पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन कोई भी गोल नहीं कर पाया। इंग्लैंड को आठ पेनल्टी कॉर्नर मिले, वहीं भारत को चार पेनल्टी कॉर्नर मिले। इस ड्रॉ मैच से दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला है। भारत ने पहले मुकाबले में स्पेन और इंग्लैंड ने वेल्स को हराया था।

अब यह मैच ड्रॉ होने के बाद दोनों टीमों के पास कुल 4-4 अंक हो गए हैं। हालांकि, बेहतर गोल डिफरेंस के चलते इंग्लैंड की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर है। भारतीय टीम का आखिरी मैच 19 जनवरी को वेल्स के खिलाफ होगा। भारत के लिए अगला मैच निर्णायक साबित हो सकता है। ऐसे में उसे काफी संभलकर खेलना होगा। भारत और इंग्लैंड के बीच मैच के पहले क्वार्टर में दोनों टीम के खिलाड़ी एक भी गोल नहीं कर पाए।

इंग्लैंड की टीम ने लगातार आक्रमण किया और पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर गोल कने के मौके भी बनाए, लेकिन भारत ने शानदार डिफेंस के कारण इंग्लैंड को एक भी गोल नहीं करने दिया। मैच के 12वें मिनट में भारत को भी एक पेनल्टी मिला था, लेकिन टीम गोल नहीं कर पाई। मैच के दूसरे क्वार्टर में भारतीय हॉकी टीम ने जोरदार पलटवार किया। टीम ने तीन पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन उसे गोल में तब्दील नहीं कर पाई, जिससे उसे निराशा हाथ लगी।

भारत ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को लगभग परेशानी में डाल दिया था, लेकिन इंग्लैंड की रक्षा पंक्ति ने गोल नहीं होने दिया। दूसरे क्वार्टर में भारत ने चार और इंग्लैंड ने सात पेनल्टी कॉर्नर मिले थे, लेकिन कोई गोल नहीं कर पाया। तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए अपनी गति को बढ़ाते हुए लगातार आक्रमण किए।

इंग्लैंड ने शानदार डिफेंस करते हुए भारत को गोल का कोई मौका नहीं दिया। भारत ने तीसरे क्वार्टर में गोल करने के दो शानदार मौके बनाए, लेकिन टीम गोल करने में कामयाब नहीं हो सकी। ऐसे में तीसरे क्वार्टर का खेल खत्म होने के बाद दोनों टीमों का स्कोर 0-0 ही रहा।