0.एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट व गोलबाजार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 50 हजार रुपये की चोरी गई स्कूटी बरामद
रायपुर,23 जून (वेदांत समाचार)। गोलबाजार थाना क्षेत्र से एक्टिवा वाहन चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गई स्कूटी बरामद कर ली है। कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा गोलबाजार पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी विकास कुमार टांडिया ने थाना गोलबाजार में शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 जून 2026 को उसने अपनी एक्टिवा क्रमांक सीजी 24 डब्ल्यू 1269 को मल्टीलेवल पार्किंग के पीछे स्थित शराब दुकान के पास खड़ा किया था। इसके बाद वह दुकान के आहाते में चला गया। कुछ समय बाद लौटने पर वाहन वहां नहीं मिला। अज्ञात चोर द्वारा वाहन चोरी किए जाने पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 97/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार की जा रही जांच के दौरान पुलिस को वाहन चोरी में शामिल आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले।
सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही शिवराज यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने एक्टिवा चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गई एक्टिवा वाहन क्रमांक सीजी 24 डब्ल्यू 1269, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई है, बरामद कर जब्त कर ली।
पुलिस ने आरोपी शिवराज यादव (33 वर्ष), पिता मोहन यादव, निवासी रामनगर, सुमित बाजार के पास, थाना कोतवाली, जिला कबीरधाम तथा वर्तमान पता पिथालिया कॉम्प्लेक्स, थाना गंज, रायपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी थाना कोतवाली कबीरधाम में चोरी, आबकारी अधिनियम तथा प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज हैं और वह जेल भी जा चुका है।

