ऑस्कर की दौड़ में शामिल हुईं ‘द कश्मीर फाइल्स’ समेत 5 भारतीय फ़िल्में…

लॉस एंजिल्स/नई दिल्ली,11 जनवरी  ऑस्कर 2023 ने अपनी नॉमिनेशन लिस्ट जारी कर दी है, जिसमें भारत की कुछ बेहतरीन फिल्मों को नॉमिनेट किया गया है। इस लिस्ट में ऐसी फिल्में हैं, जो आधिकारिक तौर पर अलग-अलग जॉनर में एक दूसरे को टक्कर दे सकती हैं, लेकिन केवल इस लिस्ट में शामिल होने से यह गारंटी नहीं मिलती है कि फिल्म अकादमी पुरस्कारों के आखिरी लिस्ट का भी हिस्सा बनेगी। बता दें कि अंतिम लिस्ट की घोषणा 24 जनवरी को की जाएगी।

एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज ने ऑस्कर 2023 के लिए शॉर्ट लिस्ट की गई 301 फिल्मों की घोषणा कर दी हैं। इस लिस्ट में पांच भारतीय फिल्में भी शामिल हैं, जिसमें ‘The Kashmir Files’ को भी शामिल किया गया है। फिल्म के निर्देशक और निर्माता विवेक अग्निहोत्री ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी हैं। साथ ही फिल्म के लीड एक्टर्स अनुपम खेर, पल्लवी जोशी, मिथुन चक्रवर्ती और दर्शन कुमार को बेस्ट एक्टर के लिए नॉमिनेट किया गया है।

विवेक अग्निहोत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा, “फिल्म द कश्मीर फाइल्स को ऑस्कर 2023 के लिए फर्स्ट लिस्ट कैटेगरी में शॉर्टलिस्ट किया गया है। यह भारत की पांच सिलेक्टिड फिल्मों में से एक है। मैं सभी को बहुत बहुत शुभकामनाएं देता हूं। भारतीय सिनेमा के लिए ये एक बेहतरीन साल है।” विवेक अग्निहोत्री ने आगे लिखा कि यह तो बस एक शुरूआत है, अभी तो काफी आगे जाना है।

फिल्म द कश्मीर फाइल्स के अलावा RRR, गंगुबाई काठियावाड़ी, कांतारा और Chhello Show (Last Film Show) को भी ऑस्कर 2023 के लिए शॉर्ट लिस्ट किया गया हैं। 95वें अकादमी पुरस्कार के लिए दुनिया भर से 301 फिल्मों का चयन हुआ है। 12 मार्च को लॉस एंजिल्स में ऑस्कर 2023 के मेन इवेंट का आयोजन होना है।

फिल्म इंडस्ट्री की तमाम हस्तियां और इंडियन फैंस ‘द कश्मीर फाइल्स’ को OSCAR 2023 के लिए शॉर्टलिस्ट होने पर अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं। यह फिल्म 11 मार्च 2022 को बड़े पर्दे पर रिलीज़ हुई थी। फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। वर्ल्ड वाइड इस फिल्म ने करीब 350 करोड़ की कमाई की थी। इस फिल्म में सन 1990 में कश्मीर में हुए विस्थापन और नरसंहार की दर्दभरी दास्तां को दर्शाया गया था।

फिल्म द कश्मीर फाइल्स को लेकर काफी विवाद भी उत्पन्न हुआ था। कई बड़े नेताओं ने इस फिल्म को प्रोपेगेंडा फिल्म बताया था। लेकिन इतने विवाद के बाद भी फिल्म सुपरहिट रही थी। अब देखना होगा कि ऑस्कर 2023 की रेस में ये फिल्म कहां तक पहुंच पाती है। विवेक अग्निहोत्री और फिल्म के फैंस की इस फिल्म से काफी उम्मीदें जुड़ी हुई हैं।