नीलगाय से रक्षा मंत्रालय भी परेशान… अब इस तकनीक से पकड़ने की तैयारी

ग्वालियर । भारत में पाई जानेवाली मृग प्रजातियों में सबसे बड़ी प्रजाति नीलगाय वजह से पूरे देश में किसान परेशान रहते हैं। नीलगाय किसानों की खड़ी फसल बर्वाद कर देती हैं। लेकिन इस बार ग्वालियर की नीलगायों के आतंक की चर्चा रक्षा मंत्रालय में भी हो रही है। दरअसल, देश के सबसे बड़े एयरफोर्स बेस ग्वालियर के महाराजपुरा इलाके में नीलगायों ने नाक में दम कर रखा है। इस बेस पर राफेल से लेकर हर तरह के अत्याधुनिक फाइटर प्लेन प्रशिक्षण उड़ान भरते हैं। इसके आसपास लगभग दो सौ से ज्यादा नीलगाय हैं, जिनकी वजह से फाइटर प्लेन के संचालन में खलल पड़ रही है। अब इन नीलगायों को काबू करने के लिए सरकार पहली बार बोमा तकनीक का इस्तेमाल करने की तैयारी में है। इस तकनीक से रणनीतिक ढंग से एक बाडा बनाकर इन्हें पकड़ा जाता है।

क्या है बोमा हैबिटेट
जंगली जानवरों और पशुओं को पकड़ने की यह तकनीक दक्षिण अफ्रीका में उपयोग की जाती है। इससे जानवरों को जीते-जी पकड़ने की कोशिश होती है। विशेषज्ञों का कहना है कि नीलगाय को पकड़ने के लिए एक स्थान को चयनित किया जाएगा। वहां हैबिटेट तैयार किया जाएगा। वहां नमक बिछाया जाता और अन्य ऐसे केमिकल डाले जाते हैं जिनकी गंध नीलगाय को आकर्षित करती है। जब उस क्षेत्र में नीलगायों के बड़े झुंड पहुंच जाते हैं तो इसे एक बाड़े में तब्दील कर गेट लगा दिया जाता है। खास तरह से खुले हुए ट्रक लगे होते हैं। जैसे ही नीलगाय उस ट्रक में घुसती है, वैसे ही वह कैद हो जाती है।

नीलगाय को पकड़ना और मारना मुश्किल
नीलगाय को सबसे फुर्तीला और मजबूत देहयष्टि वाला जानवर माना जाता है। इसे पकड़ना या मारना बहुत मुश्किल होता है। इसकी वजह उसकी देह ही है। वह इतनी छलांग लगाते हुए भागती है कि गोली का निशाना भी चूक जाता है। यह घोड़े के आकार की होती है लेकिन इसका पीछे का हिस्सा आगे के हिस्से से छोटा होता है, इसलिए यह दौड़ते समय अलग नजर आती है। निशाना भी चूक जाता है। इसका वजन भी काफी होता है। हर नीलगाय औसतन डेढ़ सौ से ढाई सौ किलो तक वजन की होती है।