CG Weather Update : कोरिया में 2.6 डिग्री तक पहुंचा तापमान, चिल्फी घाटी में छाई बर्फ की सफेद चादर

अंबिकापुर/बैकुंठपुर । छत्तीसगढ़ में हवा की दिशा बदलने से इस सीजन की पहली बर्फ देखने को मिली। सरगुजा संभाग के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। इसकी वजह से वहां घना कोहरा छाया है। ओस की बूंदे जम गई हैं। पेण्ड्रा रोड में भी पाला पड़ रहा है।

कवर्धा के चिल्फी घाटी में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। इसके अलावा सरगुजा में ठंड से एक शख्स की मौत हो गई है। वहीं दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वामान के अनुसार शनिवार को कोरिया प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। वहां न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। जशपुर में यह 4 डिग्री और सरगुजा में 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है।

READ MORE : अजीबों-गरीब मामला : शिक्षक को आया नाबालिग छात्र पर दिल, लिखा खत, की सारी हदें पार

रायपुर में 11 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़ककर थम पारा

बिलासपुर संभाग के जिलों का न्यूनतम तापमान भी 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। वहीं रायपुर संभाग में बलौदा बाजार का तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस तक गिरा है। रायपुर में पारा 11 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़ककर थम गया। दुर्ग में कबीरधाम जिला सबसे ठंडा है।

राजनांदगांव में 10.6 और दुर्ग में 8.6 डिग्री सेल्सियस का न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ है। बस्तर संभाग में 8 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ कांकेर सबसे ठंडा है। नारायणपुर में 9.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ है।