सिमगा में संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर किया स्वागत - vedantsamachar.in

सिमगा में संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर किया स्वागत

कोरबा, 20 जून (वेदांत समाचार)। जिले के पोड़ीउपरोड़ा विकासखंड के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमगा में शनिवार को नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 के शुभारंभ के अवसर पर संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, पालकों और विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। इस दौरान नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत कोरबा के अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह उपस्थित रहे। वहीं जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम, जनपद पंचायत सदस्य भारत सिंह सिदार, ग्राम पंचायत सिमगा की सरपंच श्रीमती गायत्री आयाम, शाला विकास समिति के अध्यक्ष जय कुमार सिदार सहित कई जनप्रतिनिधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने की।

शाला प्रवेश उत्सव के दौरान कक्षा पहली, छठवीं और नवमी में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। अतिथियों ने बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया। साथ ही शासन की ओर से प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों को गणवेश भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को मिष्ठान खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

मुख्य अतिथि डॉ. पवन सिंह ने विद्यार्थियों को नए शिक्षा सत्र की शुभकामनाएं देते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता की सबसे मजबूत आधारशिला है और बच्चों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करना चाहिए।

जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को मेहनत और लगन के साथ अध्ययन करने की प्रेरणा दी। जनपद पंचायत सदस्य भारत सिंह सिदार ने भी बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने परिवार व क्षेत्र का नाम रोशन करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संकुल प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने संकुल सिमगा एवं गडरा के अंतर्गत संचालित विद्यालयों के परीक्षा परिणाम और शैक्षणिक प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किए। उन्होंने विद्यार्थियों को क्षेत्र के मेधावी छात्रों की उपलब्धियों से अवगत कराते हुए उनसे प्रेरणा लेने और अपने सुनहरे भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।

शाला प्रवेश उत्सव के समापन के बाद जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, पालकों और विद्यार्थियों ने ग्राम भ्रमण कर नशामुक्ति रैली निकाली। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में हीरा लाल पुलस्ते, बुधराम सिंह मसराम, चैन सिंह नेटी सहित विद्यालय के व्याख्याता एवं शिक्षकगण दिव्या कुजूर, मेलन कंवर, रुखमणि पूरेना, रमाकांत कुसरो, उमाकांत टोंडे, दीपक कुमारी, पुष्पा कुमारी, सोनम बालन, संकुल समन्वयक तेजराम चंद्रा, विजय ताम्रकार, प्रधान पाठक देवपाल सिंह कंवर, भीष्म प्रसाद साहू, रामशरण मरकाम, छोटे लाल आयाम, धर्मेंद्र यादव, गंगा राम देशलहरे, सुनीता मरावी, रूपसाय बिंझवार सहित बड़ी संख्या में पालक, ग्रामीण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

नवीन शिक्षा सत्र के शुभारंभ पर आयोजित इस शाला प्रवेश उत्सव ने न केवल बच्चों में विद्यालय के प्रति उत्साह बढ़ाया, बल्कि शिक्षा के महत्व और नशामुक्त समाज के निर्माण का भी सशक्त संदेश दिया।