कोरबा: नकली गन दिखाकर नाबालिग से छेड़छाड़, रिश्तेदार निकला आरोपी,30 हजार लूटकर फरार; पास्को एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज - vedantsamachar.in

कोरबा: नकली गन दिखाकर नाबालिग से छेड़छाड़, रिश्तेदार निकला आरोपी,30 हजार लूटकर फरार; पास्को एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज

कोरबा, 20 जून (वेदांत समाचार)। कोरबा के सीएसईबी चौकी क्षेत्र के कोहड़िया इलाके में 12 वर्षीय नाबालिग से छेड़छाड़, मारपीट और लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी युवक पीड़िता का रिश्तेदार बताया जा रहा है, जिसने नकली गन दिखाकर नाबालिग को डराया, उसके साथ छेड़छाड़ की और 30 हजार रूपए लूटकर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में पास्को एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक बिलासपुर से कोरबा आया था। वह पीड़िता के पिता से जमीन के सौदे और पैसों के लेनदेन के संबंध में मिलने पहुंचा था। इस दौरान आरोपी के साथ दो अन्य व्यक्ति भी मौजूद थे।

बताया गया कि बातचीत के दौरान आरोपी और पीड़िता के पिता कोहड़िया क्षेत्र के पास सड़क किनारे जंगल में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पीड़िता के पिता की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह बेहोश हो गया।

पिता की आवाज सुनकर पहुंची बेटी

पिता की चीख-पुकार सुनकर 12 वर्षीय नाबालिग बेटी मौके पर पहुंची। आरोप है कि आरोपी ने उसे नकली गन दिखाकर डराया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने नाबालिग के साथ मारपीट भी की।

पीड़िता के अनुसार, मारपीट के दौरान आरोपी ने उसके बैग में रखे 30 हजार रूपए भी छीन लिए। यह रकम उसके पिता की थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने दो साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।

मेडिकल जांच में पुष्टि

घटना के बाद पीड़िता ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सीएसईबी चौकी पुलिस ने पीड़िता और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए। इसके बाद नाबालिग को मेडिकल टेस्ट के लिए भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, मेडिकल जांच में छेड़छाड़ और मारपीट की पुष्टि हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अपराध दर्ज किया गया।

आरोपी की तलाश जारी

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि जांच में आरोपी पीड़िता का रिश्तेदार पाया गया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पास्को एक्ट, लूट, मारपीट और धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस आरोपी और उसके दो साथियों की तलाश में जुटी हुई है। आसपास के क्षेत्रों में दबिश दी जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।